पन्ना स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय ने सीबीएसई कक्षा 12वीं परीक्षा परिणाम 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए शत-प्रतिशत सफलता हासिल की है। विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट अंक अर्जित कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, अभिभावकों और शहरवासियों में खुशी का माहौल है।
विज्ञान संकाय में मान्या दुबे रहीं अव्वल
सीबीएसई द्वारा जारी परीक्षा परिणाम के अनुसार विज्ञान संकाय में मान्या दुबे ने 94.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। प्रणव शर्मा ने 93 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा, रिद्धिमा साहू ने 91.4 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा तथा चंद्रशेखर त्रिपाठी ने 91 प्रतिशत अंक अर्जित कर चौथा स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय का गौरव बढ़ा है।
वाणिज्य संकाय में आर्यन रेले ने किया टॉप
वाणिज्य संकाय में आर्यन रेले ने 92.4 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। कंचन वर्मा ने 91.6 प्रतिशत अंक हासिल कर दूसरा स्थान, धैर्य गुप्ता ने 88.6 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा तथा राशि पटेल ने 88.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर चौथा स्थान हासिल किया। विद्यालय प्राचार्य अमित दाहिया ने विद्यार्थियों की सफलता का श्रेय शिक्षकों के मार्गदर्शन, नियमित अध्ययन, अनुशासित शैक्षणिक वातावरण एवं अभिभावकों के सहयोग को दिया। उन्होंने बताया कि पूरे वर्ष विशेष अध्ययन सत्र, अतिरिक्त कक्षाएं, अभ्यास परीक्षाएं और परामर्श कार्यक्रम संचालित किए गए, जिनका सकारात्मक परिणाम देखने को मिला। प्राचार्य ने सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।