लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी चीन सीमा विवाद और अमेरिका के साथ ट्रेड डील को लेकर केंद्र सरकार पर लगातार हमलावर हैं। इसी बीच ट्रेड डील और एपस्टीन फाइल्स को लेकर संसद परिसर में दिए गए उनके बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया। राहुल गांधी ने कहा था कि एपस्टीन फाइल्स में अभी और “माल” है, जो अब तक सार्वजनिक नहीं किया गया है। उनके इस शब्द चयन को लेकर बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। गुरुवार को कंगना रनौत ने राहुल गांधी के बयान पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी भाषा और सोच बहुत आपत्तिजनक है। उन्होंने कहा कि एपस्टीन फाइल्स में महिलाओं और नाबालिग लड़कियों के शोषण से जुड़े गंभीर आरोप हैं, लेकिन ऐसे संवेदनशील मुद्दे पर राहुल गांधी द्वारा “माल” और “कबाब” जैसे शब्दों का इस्तेमाल उनकी मानसिकता को दर्शाता है। कंगना ने कहा कि जिस व्यक्ति की सोच इतनी निम्न और बुद्धि इतनी भ्रष्ट हो, उससे और क्या उम्मीद की जा सकती है।
राहुल गांधी के बयान से जुड़ा विवाद
इससे पहले मंगलवार को राहुल गांधी लोकसभा में पूर्व सेना प्रमुख एमएम नरवणे की किताब का हवाला देते हुए चीन सीमा विवाद पर बोलना चाहते थे, लेकिन हंगामे के कारण वह अपना भाषण पूरा नहीं कर सके। सोमवार को भी इसी मुद्दे पर वह सदन में अपनी बात नहीं रख पाए थे। संसद परिसर से बाहर मीडिया से बातचीत में राहुल गांधी ने अमेरिका के साथ संभावित ट्रेड डील को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला किया। उन्होंने दावा किया कि पीएम मोदी पर दबाव है और उन्हें “कॉम्प्रोमाइज़्ड” कर दिया गया है।
पीएम मोदी पर दबाव का दावा
दबाव के सवाल पर राहुल गांधी ने कहा कि एक मामला उद्योगपति अडानी से जुड़ा है, जिस पर अमेरिका में केस चल रहा है, जबकि दूसरा एपस्टीन फाइल्स से संबंधित है। उन्होंने आरोप लगाया कि एपस्टीन फाइल्स में कई अहम जानकारियां हैं, जिन्हें अब तक सार्वजनिक नहीं किया गया है। राहुल गांधी के मुताबिक, यही दो बड़े दबाव बिंदु हैं, जिनके चलते प्रधानमंत्री मोदी पर असर डाला जा रहा है, और देश को इस स्थिति को समझना चाहिए।
Comments (0)