राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देशवासियों को रामनवमी के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में कहा कि यह पर्व हमें न्याय, कर्तव्य और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
राम के आदर्शों को अपनाने की अपील
राष्ट्रपति ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम का जीवन त्याग, समरसता और आदर्श मूल्यों का प्रतीक है। उन्होंने देशवासियों से आह्वान किया कि राम के आदर्शों को अपनाकर समृद्ध, न्यायपूर्ण और विकसित भारत के निर्माण में योगदान दें।
पीएम मोदी ने भी दी शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी रामनवमी के अवसर पर देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि भगवान श्री राम का जीवन त्याग, तप और संयम से परिपूर्ण है, जो हर परिस्थिति में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं राम
प्रधानमंत्री ने कहा कि भगवान राम के आदर्श न केवल भारत बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने कामना की कि प्रभु राम की कृपा से सभी का कल्याण हो और देश विकसित एवं आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़े।
मां सिद्धिदात्री को भी किया नमन
इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मां सिद्धिदात्री को नमन करते हुए सभी भक्तों के लिए लक्ष्य-सिद्धि और सफलता की कामना की।