हर साल चैत्र माह की शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को राम नवमी का पावन पर्व मनाया जाता है। आज पूरे देश में श्रद्धालुओं द्वारा भक्ति और उत्साह के साथ राम नवमी मनाई जा रही है।
राम नवमी पूजा का शुभ मुहूर्त
ज्योतिषाचार्यों और पंडितों के अनुसार, राम नवमी पूजा का शुभ मुहूर्त सुबह 11:13 बजे से शुरू होकर दोपहर 1:41 बजे तक रहेगा। राम नवमी मध्याह्न का प्रमुख क्षण दोपहर 12:27 बजे का है। इस समय भगवान श्रीराम की पूजा करना अत्यंत शुभ माना जाता है।
राम नवमी की पूजा विधि
राम नवमी के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ-सुथरे कपड़े पहनें।
एक साफ चौकी पर पीले रंग का वस्त्र बिछाकर उस पर राम दरबार की मूर्ति या चित्र रखें।
विधिपूर्वक भगवान की पूजा करें। श्रीराम को पीला चंदन, पीले फूल, फल और मिठाई अर्पित करें।
तुलसी दल के साथ खीर और बेर का भोग लगाएं।
दूध, दही, घी, शहद और शक्कर का मिश्रण बनाकर पंचामृत के रूप में भगवान को अर्पित करें।
घी का दीपक जलाएं, रामचरितमानस का पाठ करें और श्रीराम के मंत्रों का जाप करें।
अंत में श्रीराम की आरती करें और सभी को प्रसाद वितरित करें।