गुरुग्राम। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की तबीयत एक बार फिर खराब हो गई है। उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, आंखों से जुड़ी समस्या के कारण उन्हें अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल में उनके साथ बेटे राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद हैं।
आंखों की दिक्कत के चलते कराया गया भर्ती
सूत्रों के अनुसार, सोनिया गांधी को आंखों में परेशानी महसूस होने के बाद गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने उनकी जांच की और निगरानी में रखा है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। जानकारी यह भी सामने आई है कि इलाज और जांच के बाद उन्हें जल्द अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है।
पहले से चल रहा है इलाज
सोनिया गांधी पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रही हैं। उन्हें पेट, फेफड़ों और सांस से जुड़ी दिक्कतें रहती हैं। उनका इलाज समय-समय पर दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल, शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज और गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में चलता रहा है।
कांग्रेस की प्रमुख नेता हैं सोनिया गांधी
सोनिया गांधी भारतीय राजनीति और कांग्रेस पार्टी की सबसे अहम नेताओं में गिनी जाती हैं। उन्होंने लंबे समय तक कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में पार्टी का नेतृत्व किया। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या के बाद उन्होंने कई वर्षों तक राजनीति से दूरी बनाई रखी थी। बाद में पार्टी नेताओं के आग्रह पर उन्होंने 1997 में सक्रिय राजनीति में प्रवेश किया। साल 1998 में उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष पद संभाला और लगातार 22 वर्षों तक पार्टी का नेतृत्व किया। वह कांग्रेस के इतिहास में सबसे लंबे समय तक अध्यक्ष रहने वाली महिला नेता रही हैं।
राजनीतिक हलकों में बढ़ी चिंता
सोनिया गांधी की तबीयत खराब होने की खबर सामने आने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं में चिंता का माहौल है। ऐसे समय में जब पार्टी कई राज्यों में राजनीतिक गतिविधियों में व्यस्त है, उनकी सेहत को लेकर लगातार नजर रखी जा रही है।