पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऊर्जा और ईंधन बचत को लेकर की गई अपील पर बिहार के नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सरकार समस्याओं का समाधान करने के बजाय सिर्फ अपील कर रही है और उसके पास कोई स्पष्ट विजन या रोडमैप नहीं है। तेजस्वी यादव ने तंज कसते हुए कहा, “कल कहेंगे कपड़ा मत पहनिए… सरकार की जिम्मेदारी होती है कि समस्याओं का समाधान करे।”
पीएम मोदी की अपील पर विपक्ष का हमला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में देशवासियों से ईंधन की खपत कम करने, सार्वजनिक परिवहन अपनाने और संसाधनों का सीमित उपयोग करने की अपील की थी। इसके बाद कई बीजेपी और एनडीए नेता अपने काफिलों में गाड़ियों की संख्या कम करते और इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल करते नजर आए। हालांकि विपक्ष इसे सरकार की नाकामी बता रहा है। पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान तेजस्वी यादव ने कहा कि सरकार के पास मौजूदा चुनौतियों से निपटने का कोई ठोस प्लान नहीं है।
‘नोटबंदी का क्या फायदा हुआ?’
तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री मोदी पर हमला बोलते हुए नोटबंदी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि पहले भी नोटबंदी जैसे फैसले किए गए, लेकिन उसका फायदा देश को नहीं मिला।
उन्होंने कहा,
“पहले भी नोटबंदी कर चुके हैं, क्या फायदा हुआ? लोगों को नुकसान हुआ, कई लोग बेरोजगार हुए और कई उद्योग बंद हो गए।” तेजस्वी ने आरोप लगाया कि सरकार असली मुद्दों से ध्यान भटका रही है और जनता को परेशान करने वाले फैसले ले रही है।
लॉकडाउन जैसे हालात पर भी दिया बयान
पत्रकारों ने जब तेजस्वी यादव से पूछा कि क्या देश में फिर लॉकडाउन जैसे हालात बन सकते हैं, तो उन्होंने कहा कि सरकार कुछ भी कर सकती है।
उन्होंने कहा,
“अब करना है तो करें… सरकार है, कुछ भी कर सकती है। उस पर हम लोग क्या टिप्पणी करेंगे।”
पीएम मोदी की अपील के बाद बढ़ी राजनीतिक बयानबाजी
प्रधानमंत्री की अपील के बाद देशभर में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। बीजेपी जहां इसे ऊर्जा बचत और राष्ट्रीय हित से जोड़कर देख रही है, वहीं विपक्ष सरकार पर आर्थिक हालात संभालने में विफल रहने का आरोप लगा रहा है।