रेमंड ग्रुप के पूर्व चेयरमैन विजयपत सिंघानिया का 87 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके बेटे गौतम सिंघानिया ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस खबर की पुष्टि की। उनका अंतिम संस्कार आज दोपहर 3 बजे मुंबई के चंदनवाड़ी श्मशान घाट में किया जाएगा। गौतम सिंघानिया ने अपने मैसेज में लिखा है कि उनके पिता एक दूरदर्शी नेता और समाजसेवी इंसान थे, जिनकी विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।
विजयपत सिंघानिया देश की प्रमुख टेक्सटाइल कंपनी रेमंड ग्रुप के पूर्व मैनेजिंग डायरेक्टर रहे हैं। 2017 से वे अपने बेटे गौतम सिंघानिया के साथ परिवार और संपत्ति से जुड़े विवादों के चलते सुर्खियों में रहे।
विजयपत सिंघानिया देश के सबसे रईस व्यक्तियों में शामिल थे और उनका एविएशन और फिल्म इंडस्ट्री में भी गहरा रसूख था।
रेमंड कंपनी, जो सूटिंग और शर्टिंग के लिए दुनियाभर में मशहूर है, की नींव 1925 में रखी गई थी।
पहला रिटेल शोरूम 1958 में मुंबई में खोला गया। कंपनी टैक्सटाइल, इंजीनियरिंग और एविएशन क्षेत्रों में भी सक्रिय रही।
विजयपत ने 1980 में कंपनी की कमान संभाली और इसे आधुनिक औद्योगिक समूह के रूप में स्थापित किया। 1986 में उन्होंने प्रीमियम ब्रांड पार्क एवेन्यू लॉन्च किया, जो फैशनेबल पुरुषों के लिए पूरी वार्डरोब रेंज उपलब्ध कराता था।
1990 में ओमान में कंपनी का पहला विदेशी शोरूम खोला गया और 1996 में देश में एयर चार्टर सेवा शुरू की गई।