


ऑपरेशन 'सिंधु' के तहत छात्रों का पहला जत्था दिल्ली पहुंच गया है। ईरान-इजरायल युद्ध के बीच भारत ने 110 नागरिकों को वॉर जोन से सुरक्षित निकाल लिया है। इनमें से 90 छात्र जम्मू-कश्मीर से थे। इन छात्रों को पहले आर्मेनिया पहुंचाया गया था और वहां से विशेष विमान द्वारा दिल्ली लाया गया। परिजनों ने मोदी सरकार और भारतीय दूतावास का आभार जताया।
एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री किर्ती वर्धन सिंह ने छात्रों का किया स्वागत किया।
यह सराहनीय पहल है
वहीं ईरान से अपने नागरिकों को वापस लाने के भारत के ऑपरेशन सिंधु पर RJD के सीनियर नेता और सांसद मनोज झा ने कहा कि, यह सराहनीय पहल है। भारत का इतिहास रहा है कि जब भी हमारे नागरिक किसी युद्ध क्षेत्र में फंसे हैं, तो अपने नागरिकों को वहां से निकालना एक परिपक्व लोकतंत्र के रूप में हमने हमेशा किया है। इसके साथ ही उन्होंने आगे कहा कि, नागरिकों के प्रति यह प्रतिबद्धता जारी है और आगे भी जारी रहेगी।
हमारे पास प्लेन तैयार हैं
विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने इस बीच कहा कि, ईरान में जितने भी हमारे देश के लोग हैं, उन सबको सुरक्षित लाने की हमारी बहुत बड़ी जिम्मेदारी है और उसको हम पूरा करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि, हमारे पास प्लेन तैयार हैं। आज भी एक प्लेन भारतीय नागरिक को लाने के लिए तुर्कमेनिस्तान जा रहा है।