


मध्यप्रदेश में "हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता: स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग" अभियान को पूरे उत्साह के साथ लागू किया जा रहा है। प्रदेश सरकार का यह अभियान न केवल राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देगा बल्कि स्वच्छता और जल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक मुद्दों को भी जोड़ेगा।
अभियान का उद्देश्य
"हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता" अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को अपने घर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करना है। यह अभियान लोगों में देशभक्ति की भावना को जागृत करने के साथ-साथ राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान को बढ़ावा देगा। यही नहीं प्रदेश सरकार का यह अभियान स्वच्छता और जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाकर यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन को भी मजबूती प्रदान करता है। मध्यप्रदेश सरकार इस अभियान को जन-आंदोलन के रूप में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि हर नागरिक इस उत्सव का हिस्सा बन सके। इस वर्ष यह अभियान 2 से 15 अगस्त 2025 तक तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा।
देशभक्ति, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को मिलेगा मंच
यह अभियान केवल तिरंगा फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देशभक्ति, स्वच्छता, और पर्यावरण संरक्षण को एक मंच पर लाता है। मध्यप्रदेश के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में इस अभियान को उत्सव के रूप में मनाया जाएगा, जिसमें स्कूली बच्चे, युवा, और समुदाय के सभी वर्ग सक्रिय रूप से भाग लेंगे। तिरंगा राखी निर्माण और रंगोली प्रतियोगिताएँ बच्चों और युवाओं में रचनात्मकता और देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देंगी।
"हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता: स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग" अभियान मध्यप्रदेश में स्वतंत्रता के उत्सव को एक नया आयाम देगा। यह अभियान न केवल राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान को बढ़ाएगा, बल्कि स्वच्छता और जल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक लक्ष्यों को भी प्राप्त करने में सहायता करेगा। मध्यप्रदेश की जनता से अपील है कि वे इस अभियान में पूरे जोश और उत्साह के साथ भाग लें और अपने घरों पर तिरंगा फहराकर देशभक्ति की भावना को और मजबूत करें।