छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर, पेण्ड्रारोड, राजनांदगांव और दुर्ग शीतलहर की चपेट में हैं। उत्तर से आने वाली ठंडी और शुष्क हवाओं के कारण मौसम का मिजाज ठंडा और सर्द बना हुआ है। मौसम विभाग ने आज उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में शीतलहर चलने की संभावना जताई है।
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में सबसे अधिकतम तापमान जगदलपुर में 30.02 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 7.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इन इलाकों में शीतलहर की चेतावनी
प्रदेश के जशपुर, कबीरधाम, मुंगेली, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर और कोरबा में शीतलहर चलने की संभावना है।
प्रदेश में उत्तर से ठंडी और शुष्क हवाओं का लगातार आगमन जारी है। इसके कारण न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट हो रही है, लेकिन कोई बड़ा परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। सरगुजा संभाग और उससे लगे जिले, राजनांदगांव और दुर्ग जिलों में एक-दो क्षेत्रों में शीतलहर बनी रह सकती है। वहीं 17 नवंबर से मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में ठंड से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।