


छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ी पहल की है। अपने जापान दौरे के दौरान उन्होंने टोक्यो में जापान की प्रतिष्ठित निवेश संस्था जेट्रो (JETRO - Japan External Trade Organization) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में निवेश के असीमित अवसरों पर चर्चा करते हुए जेट्रो को प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया।
औद्योगिक संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने X (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर जानकारी दी कि उन्होंने जेट्रो के वरिष्ठ अधिकारियों – नाकाजो काज़ुया, एंडो युजी और हारा हारुनोबू से मुलाकात की। इस बैठक में राज्य के विकास और औद्योगिक संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
आईटी, टेक्सटाइल्स से लेकर क्लीन एनर्जी तक पर चर्चा
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के उन क्षेत्रों को रेखांकित किया, जिनमें जापानी कंपनियों के लिए व्यापक निवेश की संभावनाएं हैं। इन क्षेत्रों में शामिल हैं:
सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी)
वस्त्र उद्योग (टेक्सटाइल्स)
एयरोस्पेस (अंतरिक्ष और विमानन तकनीक)
ऑटोमोबाइल निर्माण
इलेक्ट्रॉनिक्स
स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा
छग औद्योगिक हब के रूप में उभर रहा है
सीएम साय ने कहा कि, छत्तीसगढ़ सिर्फ एक खनिज-समृद्ध राज्य ही नहीं, बल्कि अब तकनीक और नवाचार की ओर अग्रसर एक आधुनिक औद्योगिक हब के रूप में उभर रहा है। राज्य सरकार की नीतियां, निवेशकों के लिए बेहद अनुकूल हैं और यहां की अधोसंरचना तेजी से विकसित की जा रही है।
मेक इन छत्तीसगढ़’ की ओर बढ़ता कदम
यह बैठक राज्य सरकार के मेक इन छत्तीसगढ़ विजन का हिस्सा मानी जा रही है, जिसके तहत सरकार प्रदेश को एक अंतरराष्ट्रीय निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है। मुख्यमंत्री का यह प्रयास छत्तीसगढ़ में विदेशी प्रत्यक्ष निवेश (FDI) को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक ठोस पहल है।
स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार
यदि जापान की कंपनियां छत्तीसगढ़ में निवेश करती हैं, तो इससे न केवल प्रदेश में औद्योगिक विकास को गति मिलेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के हजारों नए अवसर भी उत्पन्न होंगे। साथ ही यह पहल राज्य की अर्थव्यवस्था को और सशक्त बनाने में मदद करेगी।
मुख्यमंत्री की विदेश यात्रा के रणनीतिक मायने
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का यह जापान दौरा राज्य की वैश्विक छवि को बेहतर बनाने और अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कड़ी है। सरकार की मंशा है कि छत्तीसगढ़ को सिर्फ देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी एक प्रमुख औद्योगिक गंतव्य के रूप में स्थापित किया जाए।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की यह पहल आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ की आर्थिक तस्वीर को बदल सकती है। जापान की तकनीकी दक्षता और छत्तीसगढ़ की संभावनाओं का यह मिलन, राज्य के विकास के लिए एक नए युग की शुरुआत साबित हो सकता है।