बिहार विधानसभा चुनाव में बीजेपी नेतृत्व वाली एनडीए से भारी पराजय के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि वह उन करोड़ों मतदाताओं के आभारी हैं, जिन्होंने महागठबंधन पर भरोसा जताया। राहुल गांधी ने चुनाव परिणामों को “चौंकाने वाला” बताते हुए कहा कि महागठबंधन ऐसे चुनाव में जीत दर्ज नहीं कर सका, जो शुरुआत से ही निष्पक्ष नहीं था। एनडीए की प्रचंड जीत के बाद राहुल गांधी ने कांग्रेस, राजद और पूरे महागठबंधन को समर्थन देने वाले मतदाताओं के प्रति धन्यवाद प्रकट किया।
उन्होंने शुक्रवार (14 नवंबर 2025) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि बिहार का यह जनादेश अप्रत्याशित है। उन्होंने कहा, “हम ऐसे चुनाव में नहीं जीत पाए जो शुरू से ही निष्पक्ष नहीं था। यह लड़ाई संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की है। कांग्रेस और INDIA गठबंधन इस परिणाम की विस्तृत समीक्षा करेंगे और लोकतंत्र को बचाने के प्रयासों को और मजबूत बनाएंगे।”
कांग्रेस सिर्फ 6 सीटों पर सिमटी
विपक्षी महागठबंधन की प्रमुख घटक कांग्रेस ने बिहार की 243 विधानसभा सीटों में से 61 पर चुनाव लड़ा था, लेकिन परिणाम घोषित होने पर पार्टी सिर्फ 6 सीटें ही जीत सकी। कांग्रेस ने वाल्मिकीनगर, चनपटिया, फोर्ब्सगंज, अररिया, किशनगंज और मनिहारी सीटों पर जीत दर्ज की। फोर्ब्सगंज में जीत का अंतर मात्र 221 वोट और चनपटिया में 602 वोट रहा, जिससे साफ है कि इन दोनों सीटों पर मुकाबला बेहद कड़ा था।