भोपाल: दीपावली के पांच दिवसीय त्योहार का समापन भाई दूज के पर्व के साथ होता है। इस दिन बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करती हैं। हर साल यह पर्व कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाता है। हालांकि, इस साल भाई दूज की तारीख को लेकर लोगों के बीच असमंजस बना हुआ है। कुछ लोग 10 नवंबर तो कुछ 11 नवंबर को भाई दूज बता रहे हैं।
भाई दूज 2026 कब मनाई जाएगी?
हिंदू पंचांग के अनुसार, इस साल कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि 10 नवंबर 2026 को दोपहर 2 बजे शुरू होगी। वहीं, इस तिथि का समापन 11 नवंबर 2026 को दोपहर 3 बजकर 53 मिनट पर होगा।
10 नवंबर को द्वितीया तिथि का उदया काल नहीं मिलने के कारण भाई दूज का पर्व 11 नवंबर, बुधवार को मनाया जाएगा। इसलिए तारीख को लेकर किसी तरह का कन्फ्यूजन रखने की जरूरत नहीं है।
भाई दूज पर तिलक करने का शुभ मुहूर्त
भाई दूज के दिन बहनों के लिए भाई को तिलक करने का विशेष महत्व होता है। इस साल तिलक लगाने के लिए दोपहर का समय शुभ बताया गया है।पंचांग के अनुसार, 11 नवंबर 2026 को भाई को तिलक करने का शुभ मुहूर्त दोपहर 1 बजकर 10 मिनट से 3 बजकर 20 मिनट तक रहेगा। इस दौरान बहनें अपने भाइयों को तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना कर सकती हैं।
भाई दूज 2026: तारीख और शुभ मुहूर्त एक नजर में
द्वितीया तिथि शुरू: 10 नवंबर 2026, दोपहर 2 बजे
द्वितीया तिथि समाप्त: 11 नवंबर 2026, दोपहर 3:53 बजे
भाई दूज की तारीख: 11 नवंबर 2026, बुधवार
तिलक करने का शुभ मुहूर्त: दोपहर 1:10 बजे से 3:20 बजे तक
भाई दूज पर क्यों लगाया जाता है तिलक?
भाई दूज का पर्व भाई-बहन के प्रेम और अटूट रिश्ते का प्रतीक माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन बहनें अपने भाइयों को तिलक लगाकर उनकी सुख-समृद्धि और लंबी उम्र की कामना करती हैं। वहीं, भाई अपनी बहनों की रक्षा करने और जीवनभर उनका साथ निभाने का संकल्प लेते हैं।मान्यता है कि भाई दूज के दिन विधि-विधान से पूजा करने और भाई को तिलक लगाने से परिवार में सुख-शांति और खुशहाली बनी रहती है।