शहडोल: शहडोल में सोमवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। चौपाटी के पीछे स्थित तालाब में पुलिस वाहन देखकर चार युवक अचानक कूद गए। इनमें से तीन युवकों की पानी में डूबने से मौत हो गई, जबकि एक युवक तैरकर बाहर निकलने में सफल रहा। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने SDRF की टीम को बुलाया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद तीनों युवकों को तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद जिला अस्पताल में मृतकों के परिजनों ने हंगामा किया।
पुलिस वाहन देखकर तालाब में कूदे चार युवक
जानकारी के मुताबिक, घटना सोमवार शाम करीब 7:30 से 7:45 बजे के बीच की है। चौपाटी के पीछे स्थित तालाब के पास चार युवक मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस वाहन को देखकर चारों युवक तालाब में कूद गए।घटना के बाद एक युवक किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया, जबकि तीन अन्य युवक पानी में डूब गए। सूचना मिलते ही सोहागपुर और कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद SDRF को बुलाकर तालाब में तलाश अभियान शुरू कराया गया।
एक घंटे बाद SDRF ने तीनों को निकाला, लेकिन हो चुकी थी मौत
तालाब में डूबे युवकों की तलाश के लिए SDRF की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद तीनों युवकों को पानी से बाहर निकाला गया। हालांकि, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।मृतकों की पहचान घरौला मोहल्ला निवासी समीर बंशकार, गौरव बंशकार और दुर्गेश बंशकार के रूप में हुई है। तीनों युवक कांग्रेस भवन के पीछे स्थित वंशकार मोहल्ले में रहते थे।वहीं, तालाब से बाहर निकले पुष्पेंद्र उर्फ पंकज की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
जिला अस्पताल में परिजनों ने किया हंगामा
तीनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। यहां घटना को लेकर परिजनों ने हंगामा किया। अस्पताल परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।मामले की जानकारी मिलने के बाद जिला प्रशासन के अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और परिजनों से बातचीत की।
रात 11:30 बजे अस्पताल पहुंचे ADM, कार्रवाई का दिया आश्वासन
रात करीब 11:30 बजे एडीएम जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस जिलाध्यक्ष से बातचीत की। इस दौरान सोहागपुर एसडीएम अमृता गर्ग और तहसीलदार दीपक पटेल भी मौजूद रहे।प्रशासनिक अधिकारियों ने अस्पताल में मौजूद परिजनों और कांग्रेस नेताओं से चर्चा की। साथ ही मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पुलिस वाहन देखकर युवकों के तालाब में कूदने की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।