भोपाल - मध्य प्रदेश में गौ-संरक्षण और पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा ऐलान किया है। गोवर्धन पूजा के अवसर पर भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित राज्य स्तरीय गौ-पूजन एवं पशुपालक सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में हर साल एक लाख गौ-वंश के भ्रूण तैयार करने के लिए 50 एकड़ जमीन पर विशेष परियोजना स्थापित की जाएगी।
इस तकनीक के माध्यम से उन्नत नस्ल के गौ-वंश को बढ़ावा देने के साथ गांव-गांव में पशुपालन को मजबूत किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 3 हजार पंजीकृत गौशालाओं में संरक्षित 5.51 लाख से अधिक निराश्रित गौ-वंश के भरण-पोषण के लिए 65 करोड़ 66 लाख रुपये की अनुदान राशि भी जारी की। इसके अलावा गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के तहत चयनित 466 पशुपालकों के खातों में 2 करोड़ 95 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए।
हर साल तैयार होंगे एक लाख गौ-वंश के भ्रूण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समारोह में पशुपालन के क्षेत्र में नई तकनीक के इस्तेमाल को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में हर साल एक लाख गौ-वंश के भ्रूण तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 50 एकड़ क्षेत्र में एक विशेष परियोजना विकसित की जाएगी।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस परियोजना में सेक्स सॉर्टेड साहिवाल बछिया और आवारा गौ-वंश के भ्रूण प्रत्यर्पण से जुड़ी आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना को लेकर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मंजूरी मिल चुकी है। सरकार का प्रयास है कि इस तकनीक का लाभ प्रदेश के गांवों तक पहुंचाया जाए और देसी नस्ल की गायों को बढ़ावा मिले।

गौशालाओं के लिए 65.66 करोड़ रुपये जारी
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में गौ-संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार ने गौशालाओं को मिलने वाली आर्थिक सहायता बढ़ाई है। पहले प्रति गौवंश प्रतिदिन 20 रुपये का अनुदान दिया जाता था, जिसे बढ़ाकर 40 रुपये कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश की 3 हजार से अधिक पंजीकृत गौशालाओं में 5 लाख 51 हजार से ज्यादा निराश्रित गौवंश संरक्षित हैं। इनके भरण-पोषण के लिए 65 करोड़ 66 लाख रुपये की राशि जारी की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि निजी स्तर पर गौशाला संचालित करने वाले लोगों को भी निर्धारित व्यवस्था के तहत अनुदान का लाभ दिया जाएगा।

466 पशुपालकों को मिला 2.95 करोड़ रुपये का पुरस्कार
समारोह में गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना 2026-27 के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 466 पशुपालकों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने उनके खातों में कुल 2 करोड़ 95 लाख रुपये की पुरस्कार राशि अंतरित की और चयनित पशुपालकों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पशुपालकों को अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार दिए गए। गौरव रघुवंशी की गाय ने 19.760 लीटर दूध उत्पादन के साथ पहला स्थान हासिल किया। वहीं रतलाम के मुकेश परमार दूसरे और उमरिया की संध्या पांडे तीसरे स्थान पर रहीं।

भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से गौ-पालन और प्रकृति संरक्षण की प्रेरणा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि गोवर्धन पूजा प्रकृति, पर्वत, जल और पर्यावरण के प्रति सम्मान का पर्व है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर समाज को सामूहिक एकता और प्रकृति के संरक्षण का संदेश दिया था।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने गौ-पालन को बढ़ावा दिया और ग्रामीण जीवनशैली को सम्मान दिया। गाय का संबंध केवल दूध उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह खेती, पर्यावरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक खेती की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि रासायनिक पदार्थों के अत्यधिक इस्तेमाल से मिट्टी और स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। ऐसे में गौ-आधारित खेती और जैविक खाद का उपयोग किसानों के लिए लाभकारी साबित हो सकता है।
किसानों की आय बढ़ाने के लिए पशुपालन पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेती के साथ पशुपालन, मछली पालन और बकरी पालन जैसे व्यवसाय किसानों की आमदनी बढ़ाने के महत्वपूर्ण साधन हैं। खेती में कभी अधिक बारिश तो कभी कम वर्षा के कारण नुकसान हो सकता है, लेकिन पशुपालन से किसानों को आय का अतिरिक्त स्रोत मिलता है।
उन्होंने बताया कि सरकार किसानों और पशुपालकों को आधुनिक तकनीक तथा बेहतर नस्ल के पशुओं से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रदेश में पशु मेलों का आयोजन भी किया जाएगा, जहां किसानों को उन्नत नस्लों और आधुनिक पशुपालन तकनीकों की जानकारी मिलेगी।
डेयरी उद्योग को मजबूत करने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने मध्य प्रदेश को दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने का लक्ष्य भी दोहराया। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश तीसरे स्थान से आगे बढ़कर पहले स्थान पर पहुंचे। इसके लिए गांवों में सहकारी समितियों के माध्यम से दुग्ध उत्पादकों का पंजीयन किया जा रहा है।
उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि 25 दुधारू गायों या भैंसों की डेयरी इकाई स्थापित करने के लिए लगभग 42 लाख रुपये की परियोजना लागत पर 30 प्रतिशत यानी करीब 13.86 लाख रुपये तक का अनुदान दिया जा रहा है।

धार्मिक पर्यटन और ग्रामीण विकास पर भी सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चल रही परियोजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि ओरछा में लगभग 400 करोड़ रुपये और चित्रकूट में करीब 2 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य किए जा रहे हैं। उज्जैन में महाकाल लोक के विकास के बाद धार्मिक पर्यटन में तेजी आई है। उन्होंने कहा कि एक वर्ष में उज्जैन में 7 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं का आगमन हुआ है।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में वृंदावन गांव विकसित करने की योजना पर काम किया जा रहा है। इसके साथ ही शहरी क्षेत्रों में गीता भवन बनाए जाएंगे। गोवर्धन पूजा के अवसर पर हुई घोषणाओं से साफ है कि मध्य प्रदेश सरकार गौ-संरक्षण, आधुनिक पशुपालन, दुग्ध उत्पादन और प्राकृतिक खेती को ग्रामीण अर्थव्यवस्था का मजबूत आधार बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।