भोपाल | मध्य प्रदेश के कटनी और सिवनी जिले में दीपावली की रात हुए भीषण अग्निकांड ने कई परिवारों को उजाड़ दिया। दोनों हादसों में कुल 12 लोगों की जान चली गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इन घटनाओं पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि दी है। साथ ही राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि दीपावली के अवसर पर कटनी जिले के बरही और सिवनी जिले के छपारा में आग लगने की घटनाओं में दो परिवारों के कई सदस्यों की मौत का समाचार बेहद हृदयविदारक है। उन्होंने दिवंगतों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
सिवनी के छपारा में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत
सिवनी जिले के छपारा थाना क्षेत्र के महावीर वार्ड क्रमांक 7 में जैन मंदिर के पास स्थित कुंदन सोनी के मकान में दीपावली की रात तड़के करीब 4 से 4:30 बजे आग लग गई। हादसे के समय घर में परिवार के 10 सदस्य मौजूद थे। आग की चपेट में आने से छह लोगों की मौत हो गई, जबकि चार सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
कटनी के बरही में छह लोगों की गई जान
दूसरा हादसा कटनी जिले के बरही में हुआ, जहां रात करीब 12 बजे पूरन अग्रवाल और रितेश अग्रवाल की क्रॉकरी दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने तीन मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण अग्निकांड में दो माह के मासूम समेत छह लोगों की मौत हो गई। आग में फंसे परिवार के सदस्यों को बचाने के लिए रातभर प्रयास किए गए। सुबह करीब 6:30 बजे जेसीबी की मदद से दीवार तोड़कर परिवार के दो सदस्यों को बाहर निकाला गया। दोनों घटनाओं ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। मुख्यमंत्री की ओर से घोषित 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि से मृतकों के परिवारों को आर्थिक मदद दी जाएगी।