मुंबई | सकारात्मक वैश्विक संकेतों और फाइनेंशियल व बैंकिंग शेयरों में खरीदारी के चलते सोमवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 327.89 अंक यानी 0.40 प्रतिशत चढ़कर 81,327.29 के स्तर पर खुला। वहीं, निफ्टी 90 अंक यानी 0.36 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,076.40 पर पहुंच गया।
बैंकिंग और फाइनेंशियल शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी
सेक्टर के लिहाज से शुरुआती कारोबार में निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज 25/50 इंडेक्स सबसे ज्यादा 0.57 प्रतिशत चढ़ा। इसके बाद निफ्टी पीएसयू बैंक में 0.47 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। वहीं, निफ्टी प्राइवेट बैंक 0.37 प्रतिशत और निफ्टी हेल्थकेयर इंडेक्स 0.35 प्रतिशत मजबूत हुआ। निफ्टी मेटल में 0.33 प्रतिशत और निफ्टी फार्मा में 0.24 प्रतिशत की तेजी रही। दूसरी ओर, आईटी शेयरों में कमजोरी देखने को मिली। निफ्टी आईटी 0.47 प्रतिशत गिरा, जबकि निफ्टी मिडस्मॉल आईटी और टेलीकॉम में 0.39 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
FII की खरीदारी और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से बाजार को सपोर्ट
मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक, पिछले सप्ताह की शानदार तेजी से निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ है। बाजार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की खरीदारी, आकर्षक वैल्यूएशन, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में कमी जैसे फैक्टर्स से समर्थन मिला है। इसके अलावा, कंपनियों के दूसरी तिमाही के नतीजों में कमाई में सुधार के संकेत भी निवेशकों के सेंटीमेंट को बेहतर बना रहे हैं। एक्सपर्ट्स का कहना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर खर्च में कमी और AI से जुड़े शेयरों में तेज गिरावट की चिंताओं ने भी वैश्विक बाजारों की चाल को प्रभावित किया है। भारत में FII की खरीदारी जारी रहने से लार्ज-कैप शेयरों में आगे भी मजबूती देखने को मिल सकती है।
पिछले सप्ताह निफ्टी में 8.6% की तेजी
पिछले सप्ताह घरेलू शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी दर्ज की गई। बेहतर वैश्विक संकेतों और विदेशी निवेशकों की लगातार खरीदारी के बीच निफ्टी में 8.6 प्रतिशत की बढ़त हुई। वैश्विक बाजारों की बात करें तो पिछले कारोबारी सत्र में अमेरिकी शेयर बाजार भी बढ़त के साथ बंद हुए। नैस्डैक में 1.09 प्रतिशत और S&P 500 में 0.31 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। सोमवार को अमेरिकी इक्विटी फ्यूचर्स और एशियाई बाजारों में भी मजबूती देखने को मिली। इससे पहले चिप की मांग को लेकर चिंताओं के कारण टेक्नोलॉजी आधारित एशियाई बाजारों में भारी उतार-चढ़ाव रहा था।
ईरान पर हमले की आशंका कम होने से कच्चे तेल में नरमी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान के बाद सोमवार को कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई, जिसमें उन्होंने कहा था कि शांति वार्ता आगे बढ़ने पर ईरान पर दोबारा हमले की संभावना कम है। कच्चे तेल की कीमतों में नरमी को भारतीय बाजार के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। हालांकि, आगे बाजार की दिशा वैश्विक घटनाक्रम, विदेशी निवेशकों की गतिविधियों और कंपनियों के वित्तीय प्रदर्शन पर निर्भर करेगी।