नई दिल्ली: दिवाली के जश्न के बाद दिल्ली-NCR की हवा प्रदूषण से बेहाल हो गई। राजधानी में देर रात तक हुई आतिशबाजी के कारण कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर गंभीर श्रेणी में पहुंच गया। पटाखों के धुएं से दिल्ली के कई क्षेत्रों में धुंध छा गई, जिससे लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के रात 1 बजे के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 372 दर्ज किया गया।
दिल्ली के कई इलाकों में AQI 400 पार
CPCB के रात 1 बजे के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के कई इलाकों में वायु प्रदूषण गंभीर स्तर पर पहुंच गया। बवाना में 434, चांदनी चौक में 430, जहांगीरपुरी में 447, रोहिणी और विवेक विहार में 442 AQI दर्ज किया गया।इसके अलावा अलीपुर में 413, डीटीयू में 430, आईटीओ में 407, मुंडका में 405, पटपड़गंज में 421, पंजाबी बाग में 416 और नॉर्थ कैंपस में 445 AQI दर्ज किया गया।अन्य इलाकों की स्थिति भी खराब रही। आनंद विहार में 352, अशोक विहार में 340, आया नगर में 352, बदरपुर में 354, द्वारका सेक्टर-8 में 393, आईजीआई एयरपोर्ट टर्मिनल-3 पर 323 और लोधी रोड पर 362 AQI रिकॉर्ड किया गया।
नोएडा के सेक्टर-62 में AQI 445 पहुंचा
दिल्ली के साथ नोएडा में भी प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया। CPCB के रात 1 बजे के आंकड़ों के अनुसार, नोएडा के सेक्टर-62 में सबसे ज्यादा 445 AQI दर्ज किया गया।वहीं, सेक्टर-110 में 321, सेक्टर-116 में 292, सेक्टर-125 में 296, सेक्टर-150 में 315, सेक्टर-1 में 301 और सेक्टर-39 में 301 AQI दर्ज किया गया। कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब से गंभीर श्रेणी में पहुंच गई।
गाजियाबाद में भी प्रदूषण का बढ़ा स्तर
गाजियाबाद में भी दिवाली के बाद हवा की गुणवत्ता प्रभावित हुई। CPCB के आंकड़ों के मुताबिक, लोनी में 390, वेव सिटी में 378, गोविंदपुरम में 342 और इंदिरापुरम में 317 AQI दर्ज किया गया।इसके अलावा वसुंधरा में 300 और संजय नगर में 287 AQI रिकॉर्ड किया गया। इन आंकड़ों से साफ है कि दिल्ली के साथ आसपास के शहरों में भी प्रदूषण का असर देखने को मिला।
गुरुग्राम में भी खराब रही हवा की गुणवत्ता
दिल्ली-NCR के गुरुग्राम में भी हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई। CPCB के सुबह 3 बजे के आंकड़ों के अनुसार, एनआईएसई ग्वाल पहाड़ी में 232, सेक्टर-51 में 263, टेरी ग्राम में 372 और विकास सदन में 344 AQI दर्ज किया गया।दिवाली के बाद आतिशबाजी और पटाखों से निकले धुएं के कारण पूरे NCR क्षेत्र में वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ा हुआ दर्ज किया गया।
समझिए AQI का मतलब, किस स्तर पर कितनी खराब हवा?
वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी AQI के जरिए हवा में प्रदूषण के स्तर को मापा जाता है। इसके आधार पर हवा की गुणवत्ता को छह श्रेणियों में बांटा गया है।
0-50: अच्छा
51-100: संतोषजनक
101-200: मध्यम
201-300: खराब
301-400: बेहद खराब
401-500: गंभीर
AQI 400 के पार पहुंचने का मतलब है कि हवा गंभीर प्रदूषण की श्रेणी में है। ऐसे में लोगों को सांस लेने में परेशानी और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।