वॉशिंगटन | चांद पर जाने और वहां स्थायी मानव बस्ती बनाने के अभियान का हिस्सा बनने की इच्छा रखने वालों के लिए अच्छी खबर है। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी NASA ने नए अंतरिक्ष यात्रियों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एजेंसी ने अपने आर्टेमिस कार्यक्रम का विस्तार करने के लिए नए अंतरिक्ष यात्री दल के आवेदन आमंत्रित किए हैं। नासा के अधिकारियों ने शनिवार को कैनेडी स्पेस सेंटर में आयोजित एयर शो के दौरान इसकी घोषणा की। इस आयोजन में चंद्र अन्वेषण के साथ विमानन और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में हुई प्रगति को भी प्रदर्शित किया गया।
नासा को क्यों चाहिए नए अंतरिक्ष यात्री?
नासा ने दो साल पहले भी अंतरिक्ष यात्रियों की भर्ती के लिए आवेदन मांगे थे। उस समय 8,000 से अधिक लोगों ने आवेदन किया था। इनमें से सितंबर 2025 में 10 उम्मीदवारों का अंतिम चयन किया गया था। फिलहाल एजेंसी के पास केवल 32 सक्रिय अंतरिक्ष यात्री हैं। पृथ्वी की निचली कक्षा से आगे अंतरिक्ष में मानव मौजूदगी बढ़ाने की योजना के तहत नासा को और अंतरिक्ष यात्रियों की जरूरत है। आर्टेमिस-III मिशन के कमांडर रैंडी ब्रेस्निक ने एसोसिएटेड प्रेस (AP) से कहा कि एजेंसी के पास काम ज्यादा है और अंतरिक्ष यात्रियों की संख्या कम है।
3 दिसंबर तक कर सकते हैं आवेदन
अंतरिक्ष यात्री बनने के इच्छुक उम्मीदवार 3 दिसंबर तक आवेदन कर सकते हैं। नासा को उम्मीद है कि 2027 के अंत तक अंतिम उम्मीदवारों का चयन कर लिया जाएगा। इसके बाद चयनित अभ्यर्थी 2028 की शुरुआत में अपना प्रशिक्षण शुरू करेंगे। नासा की योजना इसी वर्ष आधी सदी से अधिक समय बाद फिर से अंतरिक्ष यात्रियों को चंद्रमा की सतह पर भेजने की है। ब्रेस्निक ने संभावित उम्मीदवारों से आवेदन में देरी नहीं करने की अपील की है।
स्पेसएक्स और ब्लू ओरिजिन के लैंडर के साथ होगा अभ्यास
रैंडी ब्रेस्निक और उनके तीन साथी अगले साल गर्मियों में अंतरिक्ष में जाएंगे। इस दौरान वे अपने अंतरिक्ष यान के कैप्सूल को दो चंद्र लैंडर के साथ जोड़ने का अभ्यास करेंगे। इनमें से एक लैंडर एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स और दूसरा जेफ बेजोस की कंपनी ब्लू ओरिजिन बना रही है। इस मिशन में अंतरिक्ष यात्री पृथ्वी के नजदीक रहेंगे और चंद्रमा के पास से उड़ान नहीं भरेंगे। यह अभ्यास अगले वर्ष प्रस्तावित आर्टेमिस-IV अभियान की तैयारी का हिस्सा होगा। इस मिशन के तहत दो अंतरिक्ष यात्रियों को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के नजदीक उतारने का प्रयास किया जाएगा।
चांद पर स्थायी बेस बनाने की है नासा की योजना
नासा की योजना चंद्रमा पर अधिक रोवर, रोबोट, संरचनाएं और बिजली ग्रिड भेजकर स्थायी बेस विकसित करने की है। एजेंसी का लक्ष्य चंद्र अन्वेषण को आगे बढ़ाने के साथ वहां मानव मौजूदगी को लंबे समय तक बनाए रखना है। आर्टेमिस-III मिशन के अंतरिक्ष यात्री फ्रैंक रुबियो ने कहा कि अंतरिक्ष यात्री बनने के लिए धैर्य बेहद जरूरी है। रुबियो लगातार 371 दिन अंतरिक्ष में रहने का अमेरिकी रिकॉर्ड बना चुके हैं। उन्होंने AP से बातचीत में कहा कि उम्मीदवारों को यह समझना चाहिए कि उनके अनुभव का बहुत छोटा हिस्सा ही सीधे चांद पर जाने से जुड़ा होगा। असल में उन्हें चंद्र मिशन की सफलता में योगदान देने के लिए तैयार रहना होगा।
अंतरिक्ष यात्री बनने के लिए क्या हैं योग्यताएं?
- नासा की इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों को कुछ जरूरी शर्तें पूरी करनी होंगी:
- उम्मीदवार का अमेरिकी नागरिक होना अनिवार्य है।
- कॉलेज की डिग्री होनी चाहिए।
- पेशेवर कार्य अनुभव होना जरूरी है।
- चयन के बाद दो साल का अनिवार्य प्रशिक्षण पूरा करना होगा।
- प्रशिक्षण चुनौतीपूर्ण हो सकता है और इसके बाद भी अंतरिक्ष यात्रा का अवसर मिलने में कई साल लग सकते हैं।
नासा की 25वीं अंतरिक्ष यात्री चयन प्रक्रिया
यह नासा की 25वीं अंतरिक्ष यात्री चयन प्रक्रिया होगी। एजेंसी ने वर्ष 1959 में अपने पहले सात अंतरिक्ष यात्रियों के चयन के साथ इस परंपरा की शुरुआत की थी। अब आर्टेमिस कार्यक्रम के विस्तार के साथ नासा भविष्य के चंद्र अभियानों के लिए नई टीम तैयार करने में जुटा है।