रायपुर | छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने लगा है और धीरे-धीरे ठंड का असर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आज प्रदेशभर में मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है। बारिश की कोई संभावना नहीं है। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
सुबह और रात में बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में सुबह और रात के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस होगा। हालांकि, दिन के समय मौसम सामान्य रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ प्रदेश में सर्दी धीरे-धीरे बढ़ सकती है।
रायपुर में 19 डिग्री के आसपास रहेगा न्यूनतम तापमान
राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं, रायपुर और माना में अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। फिलहाल प्रदेश में बारिश की संभावना नहीं है और मौसम शुष्क बना रहेगा।