सिवनी।सिवनी जिले से बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। छपारा नगर के महावीर वार्ड स्थित जैन मोहल्ले में सोमवार तड़के एक मकान में भीषण आग लग गई। इस हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की झुलसने से मौत हो गई। मृतकों में दो पुरुष और चार महिलाएं शामिल हैं। वहीं, चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सर्राफा व्यापारी के मकान में तड़के 3 बजे लगी आग
जानकारी के मुताबिक, हादसा छपारा के महावीर वार्ड में रहने वाले सर्राफा व्यापारी कुंदन सोनी के मकान में हुआ। सोमवार सुबह करीब 3 बजे जब परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे, तभी अचानक अज्ञात कारणों से मकान में आग लग गई।रात का समय होने के कारण घर में मौजूद लोगों को संभलने और बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। मकान से उठती आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने किया आग बुझाने का प्रयास
आग लगने की जानकारी मिलते ही आसपास के रहवासियों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। इसके साथ ही पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन, दमकल की कई गाड़ियां और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद मकान में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हालांकि, तब तक छह लोगों की मौत हो चुकी थी।
हादसे में इन 6 लोगों की हुई मौत
लखनादौन एसडीओपी के मुताबिक, हादसे के समय मकान में कुल 10 लोग मौजूद थे। इनमें से छह लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान इस प्रकार हुई है
कुंदन लाल सोनी (75 वर्ष)
राजकुमारी सोनी (65 वर्ष)
ऋतु सोनी (42 वर्ष)
स्मृति सोनी (40 वर्ष)
सूर्या सोनी (45 वर्ष)
आदित्य सोनी (16 वर्ष)
चार लोगों को सुरक्षित बचाया गया
इस भीषण अग्निकांड में चार लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला गया। इनमें अमायरा सोनी (7 वर्ष), रितेश सोनी (45 वर्ष), सौरभ सोनी (43 वर्ष) और आकर्ष सोनी (14 वर्ष) शामिल हैं।चारों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने हादसे में छह लोगों की मौत की पुष्टि की है।
आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुटा प्रशासन
घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है। आग लगने के वास्तविक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य किया गया है।