कटनी: कटनी जिले में दिवाली की रात खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। बरही में आधी रात एक क्राकरी दुकान और उससे जुड़ी तीन मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में दो माह के मासूम समेत एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे नगर में शोक की लहर दौड़ गई। आग पर काबू पाने और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए दमकल और रेस्क्यू टीमों को सुबह तक मशक्कत करनी पड़ी।
क्राकरी दुकान में आधी रात भड़की आग
जानकारी के मुताबिक, बरही निवासी पूरन अग्रवाल और रितेश अग्रवाल की क्राकरी दुकान में रात करीब 12 बजे अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते तीन मंजिला इमारत इसकी चपेट में आ गई।इमारत में मौजूद परिवार के सदस्य आग और धुएं के बीच फंस गए। हादसे के दौरान रितेश अग्रवाल और उनकी भाभी किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य अंदर ही फंसे रह गए।
दो माह के मासूम समेत परिवार के छह लोगों की मौत
इस अग्निकांड में परिवार के छह सदस्यों की जान चली गई। मृतकों में 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी चंद्रकला (74), बहू पूनम, 14 वर्षीय नातिन आर्या, 6 वर्षीय अन्वी और दो माह का मासूम शामिल हैं।बताया गया कि मासूम अपनी मां पूनम के साथ तीसरी मंजिल स्थित कमरे में था। वहीं परिवार की अन्य सदस्य भी इमारत के अलग-अलग हिस्सों में फंस गए थे।
सुबह 4:30 बजे पूरन अग्रवाल को निकाला गया
आग लगने के बाद रातभर राहत और बचाव अभियान चलता रहा। सुबह करीब 4:30 बजे 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल को इमारत से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।इसके बाद रेस्क्यू टीम ने बचाव अभियान जारी रखा। सुबह करीब 6:30 बजे जेसीबी की मदद से इमारत की दीवार तोड़कर परिवार के अन्य पांच सदस्यों को बाहर निकाला गया। इनमें दो माह का मासूम भी शामिल था।घटनास्थल का मंजर देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
दमकल वाहनों की देरी और खराब पाइप से बचाव अभियान प्रभावित
स्थानीय जानकारी के मुताबिक, आग लगने की सूचना के बाद नगर परिषद बरही का दमकल वाहन करीब एक बजे मौके पर पहुंचा, लेकिन उसकी पाइप फटी हुई थी। इसके चलते आग बुझाने के प्रयासों में परेशानी आई।करीब डेढ़ घंटे बाद विजयराघवगढ़ से दूसरा दमकल वाहन पहुंचा। उसकी पाइप में भी खराबी होने की बात सामने आई। बाद में कैमोर और कटनी से भी दमकल वाहन बुलाए गए।दमकल टीमों ने आग पर काबू पाने और इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए सुबह तक अभियान चलाया। जेसीबी की मदद से दीवार तोड़कर रेस्क्यू किया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी को लेकर लोगों में नाराजगी
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। लोगों का कहना था कि घटना के बावजूद सुबह करीब चार बजे तक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं दिखाई दिए।दमकल वाहनों की खराब पाइप और राहत कार्य में आई बाधाओं को लेकर भी सवाल उठाए गए।
रितेश अग्रवाल और उनकी भाभी की बची जान
हादसे के दौरान रितेश अग्रवाल और उनकी भाभी किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकलने में सफल रहे। बताया गया कि आग की लपटें देखकर दोनों ने शोर मचाया और इमारत से बाहर की ओर भागे।हालांकि, आग और धुएं के तेजी से फैलने के कारण परिवार के बाकी सदस्य इमारत के अंदर ही फंस गए। रेस्क्यू टीम ने सुबह तक उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन छह लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी।