महू | मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 9 नवंबर को महू के ग्राम आशापुरा पहुंचेंगे। यहां वे गोवर्धन पूजा के अवसर पर प्रदेश को कामधेनु गौशाला की सौगात देंगे। 26 हेक्टेयर से अधिक जमीन पर विकसित इस गौशाला को करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। शुरुआती चरण में यहां 550 गोवंश के संरक्षण और देखभाल की व्यवस्था शुरू होगी।
चार विशाल शेड और खुले बाड़ों का निर्माण
कामधेनु गौशाला में गोवंश के लिए चार विशाल शेड और खुले बाड़े बनाए गए हैं। इसके अलावा बीमार गोवंश के उपचार और देखभाल के लिए अलग वार्ड तैयार किया गया है। गौशाला में पानी और चारे की भी व्यवस्था की गई है। गोवंश के संरक्षण और बेहतर देखभाल के लिए यहां आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं।
CSR और दानदाताओं के सहयोग से हुए 11 करोड़ के कार्य
गौशाला परियोजना को करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। इसमें CSR और दानदाताओं के सहयोग से 11 करोड़ रुपये के निर्माण कार्य कराए गए हैं। यह परियोजना 26 हेक्टेयर से अधिक भूमि पर विकसित की गई है।
गोपाल कृष्ण ग्राम योजना के विजेताओं का भी होगा सम्मान
महू में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गोपाल कृष्ण ग्राम योजना प्रतियोगिता के विजेता पशुपालकों को भी सम्मानित करेंगे। इस अवसर पर गोवर्धन पूजा के साथ गौसेवा और गोवंश संरक्षण को बढ़ावा देने का संदेश दिया जाएगा।