छतरपुर | मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम में इस बार दीपावली का पर्व भक्ति, उल्लास और राष्ट्रभक्ति के अनूठे संगम के रूप में मनाया गया। बागेश्वर सरकार के साथ देशभर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बागेश्वर बालाजी मंदिर, यज्ञशाला और धाम परिसर में देशी घी के 11 हजार दीप प्रज्वलित किए। खास बात यह रही कि ये दीप देश के वीर शहीदों और सीमाओं पर तैनात सैनिकों को समर्पित किए गए। बालाजी सरकार की पूजा-अर्चना और आरती के बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने श्रद्धालुओं को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जिस तरह भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन पर दीप जलाए गए थे, उसी तरह हर सनातनी के घर दीप जलने चाहिए।
शहीदों के नाम एक दीप जलाने की अपील
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भावुक संदेश देते हुए श्रद्धालुओं से अपील की कि वे एक दीपक शहीदों के नाम जरूर जलाएं। उन्होंने कहा कि सैनिक अपनी दीपावली छोड़कर देशवासियों की दीपावली सुरक्षित बनाने के लिए भारत माता के चरणों में अपना जीवन समर्पित कर देते हैं। इस संदेश के साथ बागेश्वर धाम का दीपोत्सव केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि देश की रक्षा में तैनात जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर भी बना।
कई राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु
इस दीपोत्सव में जम्मू, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, गुजरात और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों से भक्त पहुंचे। जम्मू से आए सुखबिंदर सिंह ने बताया कि घर से दूर बागेश्वर धाम जैसी पवित्र जगह पर गुरुजी के साथ शहीदों और देश की रक्षा कर रहे जवानों के नाम दीप जलाना उनके लिए सौभाग्य और अलग अनुभव है। वहीं, पहली बार धाम में दीपावली मनाने पहुंचीं गुजरात की कोमल और आयुषी ने बताया कि उन्होंने ओम, सात्विक और सीताराम की आकृतियों वाली रंगोली सजाई और दीप प्रज्वलित किए। उत्तराखंड से आए श्रद्धालु केवी पाल ने कहा कि पहले वे परिवार के साथ घर पर दीपावली मनाते थे, लेकिन यहां हजारों भक्तों के साथ त्योहार मनाने का आनंद अलग है।
आस्था के साथ राष्ट्रभक्ति का संदेश
बागेश्वर धाम का यह दीपोत्सव रोशनी और उत्सव के साथ प्रभु श्रीराम के प्रति आस्था, शहीदों के सम्मान और देश की रक्षा कर रहे सैनिकों के प्रति कृतज्ञता का संदेश दे गया। 11 हजार दीपों की रोशनी ने श्रद्धालुओं को एकजुट होकर राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को याद रखने का संदेश भी दिया।