भोपाल | मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा 2027 में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के डमी प्रवेश पत्र ऑनलाइन जारी कर दिए हैं। छात्र अपने प्रवेश पत्र में दर्ज नाम, अन्य व्यक्तिगत विवरण और परीक्षा संबंधी जानकारियों की जांच कर सकेंगे। मंडल ने स्कूल प्राचार्यों को भी डमी एडमिट कार्ड का बारीकी से परीक्षण करने के निर्देश दिए हैं, ताकि परीक्षा से पहले किसी भी तरह की गलती को सुधारा जा सके।
विद्यार्थियों को डमी एडमिट कार्ड की जांच करने की सलाह
मंडल के निर्देशानुसार, विद्यार्थी अपने डमी प्रवेश पत्र में दर्ज सभी जानकारियों को ध्यानपूर्वक जांच लें। वहीं संस्था के प्राचार्यों को भी विद्यार्थियों के डमी एडमिट कार्ड का सूक्ष्म परीक्षण करना होगा, जिससे किसी भी त्रुटि का समय रहते सुधार किया जा सके।
31 दिसंबर 2026 तक जमा करना होगा ऑनलाइन घोषणा पत्र
माध्यमिक शिक्षा मंडल के मुताबिक, ऑनलाइन घोषणा पत्र जमा करने की अवधि 26 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक निर्धारित की गई है। विद्यार्थियों को ध्यान रखना होगा कि ऑनलाइन घोषणा पत्र प्रस्तुत करने के बाद ही वे अपना मूल प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। इसलिए निर्धारित समय-सीमा के भीतर यह प्रक्रिया पूरी करना जरूरी है।