भोपाल: दिवाली के बाद मध्यप्रदेश में ठंड का असर लगातार बढ़ने लगा है। प्रदेश में इस सीजन में पहली बार न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। कटनी जिले का करौंदी 10.4 डिग्री तापमान के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। वहीं, अमरकंटक में भी पारा 11.4 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले 4 दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान जताया है। ऐसे में आने वाले दिनों में प्रदेश के कई जिलों में ठंड और बढ़ सकती है।
MP में अगले 4 दिन और बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में फिलहाल रात के तापमान में गिरावट का दौर जारी है। अगले चार दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट हो सकती है।मौसम विभाग ने बताया कि 10 नवंबर की रात से उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसका असर मध्यप्रदेश में करीब दो दिन बाद देखने को मिल सकता है।वर्तमान में प्रदेश के पूर्वी हिस्से से एक ट्रफ गुजर रही है। इसके प्रभाव से कुछ इलाकों में हल्के बादल छाए हुए हैं, हालांकि फिलहाल बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।
पचमढ़ी से भी ठंडे करौंदी और अमरकंटक
आमतौर पर मध्यप्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी में सबसे ज्यादा ठंड पड़ती है, लेकिन इस बार स्थिति कुछ अलग है। पिछले एक सप्ताह से कटनी का करौंदी और अमरकंटक पचमढ़ी से भी ज्यादा ठंडे बने हुए हैं।बीती रात प्रदेश के प्रमुख शहरों और स्थानों में न्यूनतम तापमान इस प्रकार दर्ज किया गया।
शहर/स्थान
न्यूनतम तापमान
करौंदी
10.4°C
अमरकंटक
11.4°C
कल्याणपुर
11.8°C
दमोह
12.5°C
रायसेन
12.6°C
उमरिया
13.0°C
जबलपुर
13.4°C
पचमढ़ी
13.4°C
छिंदवाड़ा
13.5°C
मलाजखंड-रीवा
13.6°C
मंडला
13.8°C
भोपाल-इंदौर
14.0°C
नौगांव
14.5°C
करौंदी में इतनी ज्यादा ठंड क्यों पड़ रही?
कटनी जिले का करौंदी इन दिनों प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका बना हुआ है। यहां न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।जानकारों के मुताबिक, करौंदी गांव विंध्याचल पर्वत श्रृंखला की पहाड़ियों के ढलान पर बसा हुआ है। सर्दियों में रात के समय पहाड़ों की ऊपरी चोटियों की हवा तेजी से ठंडी और भारी हो जाती है। इसके बाद यह ठंडी हवा ढलान से नीचे की ओर आती है और निचले इलाकों में जमा होने लगती है।
इस वैज्ञानिक प्रक्रिया को 'कैटाबेटिक विंड्स' और तापमान प्रतिलोमन यानी 'थर्मल इन्वर्जन' से जोड़ा जाता है। इसी वजह से करौंदी जैसे इलाकों में रात के समय तापमान तेजी से गिर जाता है।
नवंबर के दूसरे सप्ताह से बढ़ेगा ठंड का असर
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, नवंबर के दूसरे सप्ताह से प्रदेश में ठंड और बढ़ सकती है। खासकर ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में उत्तरी हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।इतिहास में नवंबर के महीने में प्रदेश के कई शहरों में तापमान काफी नीचे जा चुका है।
ग्वालियर: 57 साल पहले नवंबर में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था।
उज्जैन: 53 साल पहले नवंबर में न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
भोपाल-इंदौर समेत कई शहरों में बारिश के भी आसार
मौसम के पुराने ट्रेंड के मुताबिक, नवंबर में भोपाल, इंदौर और जबलपुर समेत प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिलती हैं।इस बार भी नवंबर के शुरुआती दिनों में बारिश का अलर्ट रहा है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, महीने के तीसरे और चौथे सप्ताह में मौसम प्रणाली सक्रिय होने पर कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है।फिलहाल प्रदेश में रात के तापमान में गिरावट के साथ ठंड का असर बढ़ रहा है। आने वाले दिनों में लोगों को सुबह और रात के समय ज्यादा सर्दी महसूस हो सकती है।