पन्ना जिले में जंगली जानवरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। पवई वन परिक्षेत्र के सुनादर बीट से सामने आई ताजा घटना ने एक बार फिर मानव-वन्यजीव संघर्ष की भयावह तस्वीर दिखा दी है। मवेशी चराने जंगल गए एक अधेड़ पर खूंखार भालू ने अचानक हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना न केवल ग्रामीणों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है, बल्कि वन विभाग की सतर्कता और रोकथाम व्यवस्था की भी पोल खोलती है।
गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर पन्ना।
पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में जंगली जानवरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला पवई वन परिक्षेत्र के सुनादर बीट से सामने आया है, जहां गुरुवार सुबह जंगल में मवेशी चराने गए एक अधेड़ पर खूंखार भालू ने जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
झाड़ियों में छिपे भालू ने किया अचानक हमला
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम जूही निवासी रामस्वरूप यादव (50) गुरुवार की सुबह अपनी भैंसों को चराने जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान झाड़ियों में घात लगाए बैठे एक जंगली भालू ने अचानक उन पर हमला बोल दिया। अचानक हुए इस हमले में रामस्वरूप के हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण पहुंचे, तब कहीं जाकर भालू जंगल की ओर भागा।
वन विभाग की तत्परता प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई। बीट गार्ड पुष्पेंद्र पाल, गजेंद्र सिंह सहित वन अमले ने मौके पर पहुंचकर घायल को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।
पीड़ित को दी गई सहायता राशि क्षेत्र में बढ़ती घटनाओं से ग्रामीणों में भय
वन विभाग ने तत्परता दिखाते हुए पीड़ित को मौके पर ही आर्थिक सहायता राशि उपलब्ध कराई है। लगातार हो रहे जंगली जानवरों के हमलों से क्षेत्र के ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोगों ने वन विभाग से जंगल से सटे गांवों में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
Comments (0)