लखनऊ: उत्तरप्रदेश में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत जारी है, लेकिन 24 नवंबर को भी दोनों दलों के बीच अंतिम समझौता नहीं हो सका। हालांकि, दोनों पार्टियों की ओर से जल्द सहमति बनने के संकेत दिए गए हैं। इस बीच सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शायराना अंदाज में सीट शेयरिंग को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने 26 सीटों से शुरुआत होने की बात कहते हुए गठबंधन में बातचीत आगे बढ़ने का संकेत दिया।
अखिलेश यादव ने 26 सीटों से शुरुआत का दिया संकेत
अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा,"जीतनेवाली पहली 26 सीटों से हुई है शुरुआत, मिलजुलकर समझदारी से और आगे बढ़ेगी बात।"
अखिलेश यादव के इस बयान को कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे पर लचीले रुख के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को फिलहाल 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है।अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या कांग्रेस 26 सीटों के प्रस्ताव पर सहमत होगी या बातचीत के बाद उसे इससे अधिक सीटें मिलेंगी। आने वाले दिनों में सीट बंटवारे की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।
करीब साढ़े तीन घंटे चली बैठक, नहीं निकला नतीजा
कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट शेयरिंग को लेकर मंगलवार को करीब साढ़े तीन घंटे तक बैठक चली। हालांकि, लंबी बातचीत के बावजूद सीटों को लेकर अंतिम फैसला नहीं हो सका।बैठक के बाद समाजवादी पार्टी के महासचिव रामगोपाल यादव ने कहा कि बातचीत अच्छे माहौल में चल रही है और जल्द ही सीटों पर समझौता हो जाएगा।वहीं, कांग्रेस नेताओं ने भी दावा किया कि सीटों को लेकर आंकड़ों के आधार पर चर्चा हो रही है। दोनों पक्षों ने जल्द सहमति बनने की उम्मीद जताई है।
सीट शेयरिंग पर गठबंधन की नजरें
कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट बंटवारे को लेकर जारी बातचीत अब अहम मोड़ पर पहुंचती दिखाई दे रही है। एक तरफ सपा 26 सीटों से शुरुआत की बात कर रही है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस की ओर से 132 सीटों का दावा किया जा रहा है।दोनों दलों के नेताओं के बयानों से बातचीत जारी रहने के संकेत मिल रहे हैं। अब देखना होगा कि अखिलेश यादव और राहुल गांधी के बीच चर्चा के बाद सीटों की संख्या पर क्या सहमति बनती है।