मेरठ: उत्तरप्रदेश के मेरठ में सोमवार रात सुरक्षा एजेंसियों ने संदिग्ध आतंकी उजैद कुरैशी को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, उजैद पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में था और उस पर जम्मू-कश्मीर के सैन्य एयरबेस पर हमले की साजिश रचने का आरोप है। उसका नाम शहजाद भट्टी गैंग से जुड़े मामले में भी सामने आया है। पुलिस को उसके मोबाइल फोन से कई संदिग्ध व्हाट्सएप चैट मिली हैं। गिरफ्तारी के बाद IB, ATS और अन्य खुफिया एजेंसियों ने उससे पूछताछ की है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
छह महीने से संदिग्ध आतंकी मोहम्मद साजिद के संपर्क में था उजैद
जांच एजेंसियों के अनुसार, उजैद जम्मू-कश्मीर में गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी मोहम्मद साजिद के ऑनलाइन संपर्क में था। दोनों के बीच सोशल मीडिया और ऑनलाइन माध्यमों से बातचीत होती थी।मोहम्मद साजिद को 27 नवंबर 2025 को गिरफ्तार किया गया था। बताया जा रहा है कि वह सेना पर फिदायीन हमले की तैयारी कर रहा था। पूछताछ के दौरान साजिद ने उजैद का नाम लिया था। इसके बाद से ही सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश कर रही थीं।
साजिद से कहता था- मैं भी फिदायीन हमला करने को तैयार
सूत्रों के मुताबिक, उजैद सोशल मीडिया पर फिदायीन हमले को लेकर बातचीत करता था। वह कथित तौर पर मोहम्मद साजिद से कहता था कि वह भी आत्मघाती हमला करने के लिए तैयार है।पुलिस को उसके मोबाइल फोन से इस संबंध में कई संदिग्ध व्हाट्सएप चैट मिली हैं। सुरक्षा एजेंसियां इन चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही हैं, ताकि उसकी गतिविधियों और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
पाकिस्तानी हैंडलर शहजाद भट्टी से संपर्क होने का आरोप
जांच में उजैद के पाकिस्तानी हैंडलर शहजाद भट्टी के संपर्क में होने का इनपुट मिला है। उस पर जम्मू-कश्मीर के सैन्य एयरबेस को निशाना बनाने की साजिश में शामिल होने का भी आरोप है।एजेंसियों को आशंका है कि उजैद कथित आतंकी नेटवर्क के जरिए हमले की योजना से जुड़ा हुआ था। गिरफ्तारी के बाद IB, ATS और अन्य खुफिया एजेंसियों ने उससे कई घंटे तक पूछताछ की है।
18 जनवरी को घर पर छापेमारी के दौरान फरार हो गया था
उजैद कुरैशी मेरठ के कोतवाली थाना क्षेत्र के बनियापाड़ा का रहने वाला है। उसकी तलाश में 18 जनवरी 2026 को यूपी ATS और जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीम ने उसके घर पर छापेमारी की थी।हालांकि, उस समय उजैद घर पर नहीं मिला। टीम ने उसके घर के बाहर नोटिस चस्पा किया और वापस लौट गई।बताया जाता है कि कुछ देर बाद उजैद स्कूटी से घर पहुंचा। बाहर नोटिस देखकर वह वहां से फरार हो गया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया था।छापेमारी के दौरान पुलिस ने उसके दो भाइयों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था, हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।
युवाओं का ब्रेनवॉश करने का भी आरोप
यूपी ATS के मुताबिक, उजैद एक ऐसे व्हाट्सएप ग्रुप में सक्रिय था, जिसमें भारतीय सेना पर फिदायीन हमले की साजिश रचे जाने की आशंका थी।एजेंसी को शक था कि वह युवाओं का ब्रेनवॉश कर उन्हें आतंकी गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास कर रहा था। इसके अलावा उसके अलकायदा से जुड़े स्लीपर सेल में सक्रिय होने की आशंका भी जताई गई थी।अब गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां उसके डिजिटल संपर्कों, व्हाट्सएप ग्रुप और कथित आतंकी नेटवर्क की कड़ियों की जांच कर रही हैं।
IB और ATS कर रही पूछताछ, जांच जारी
सोमवार रात गिरफ्तारी के बाद उजैद से अलग-अलग सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों ने पूछताछ की है। जांच का मुख्य फोकस उसके पाकिस्तानी हैंडलर्स से कथित संपर्क, मोहम्मद साजिद के साथ बातचीत और सैन्य एयरबेस पर हमले की साजिश से जुड़े आरोपों पर है।फिलहाल एजेंसियां डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल कर रही हैं। जांच पूरी होने के बाद मामले में और खुलासे होने की संभावना है।