अयोध्या: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भगवान राम का आशीर्वाद मिला था और समाजवादी पार्टी ने अयोध्या सीट पर जीत दर्ज की थी। 2027 में भी भगवान राम का आशीर्वाद मिलेगा और प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर पहलवानों, लोकगीत गायकों, कलाकारों, कवियों और साहित्यकारों को सम्मानित किया जाएगा।
सपा सरकार बनने पर पहलवानों और कलाकारों को मिलेगा सम्मान
शिवपाल यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर खेल और कला के क्षेत्र में प्रतिभा दिखाने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पूर्व में सपा सरकार के दौरान पहलवानों और प्रतिभाशाली कलाकारों को यश भारती सम्मान के साथ नौकरी देने की व्यवस्था थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दस वर्षों में इस तरह का सम्मान किसी को नहीं मिला। शिवपाल यादव ने कहा कि अबकी बार सरकार बनने पर जिला और तहसील स्तर के पहलवानों को भी सम्मानित किया जाएगा। वहीं, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन के स्तर के अनुरूप नौकरी दी जाएगी।
हर गांव में खेल स्टेडियम बनाने की जरूरत बताई
शिवपाल यादव ने ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं को बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि गांवों में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हर गांव में खेल का स्टेडियम बनाया जाना चाहिए।उनका कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन उन्हें बेहतर सुविधाएं और अवसर देने की जरूरत है। खेल के मैदान और स्टेडियम उपलब्ध होने से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।
2027 में अयोध्या की पांचों सीटें जीतने का दावा
अयोध्या में अपने संबोधन के दौरान शिवपाल यादव ने भगवान राम के आशीर्वाद का जिक्र करते हुए कहा कि 2024 में भी भगवान राम ने आशीर्वाद दिया था, जिसके चलते समाजवादी पार्टी ने अयोध्या लोकसभा सीट पर जीत दर्ज की।उन्होंने कहा कि अब 2027 में भी भगवान राम का आशीर्वाद मिलेगा। शिवपाल यादव ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी अयोध्या की पांचों विधानसभा सीटों सहित पूरे प्रदेश में जीत दर्ज करेगी।
यश भारती सम्मान फिर शुरू करेगी सपा, हर महीने मिलेंगे एक लाख रुपये
इससे पहले सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी ऐलान कर चुके हैं कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर यश भारती सम्मान को फिर से शुरू किया जाएगा।अखिलेश यादव के मुताबिक, इस सम्मान के तहत चयनित प्रतिभाओं को हर महीने एक लाख रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी। इस योजना के जरिए कला, साहित्य, संस्कृति और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित करने की बात कही गई है।आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए समाजवादी पार्टी अपने चुनावी घोषणापत्र को अंतिम रूप देने में जुटी है। पार्टी 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर अपना घोषणापत्र जारी करेगी।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, घोषणापत्र में महिलाओं, युवाओं और आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके जरिए सपा आगामी चुनाव के लिए अपनी प्राथमिकताओं और वादों को जनता के सामने रखेगी।
नाराज नेताओं और पुराने साथियों को फिर जोड़ेगी सपा
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हाल ही में पार्टी संगठन को मजबूत और एकजुट करने का संदेश दिया था। उन्होंने कहा था कि जो पुराने साथी और नेता नाराज होकर पार्टी से दूर चले गए हैं, उन्हें मनाकर दोबारा साथ लाया जाएगा।
इसके अलावा, किसी कारणवश संगठन से अलग हुए नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी वापस बुलाने की कोशिश की जाएगी। पार्टी का जोर आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने और पुराने साथियों को एकजुट करने पर है।