मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार शाम प्रयागराज पहुंचे, जहां उन्होंने इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के कार्यक्रम में अधिवक्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने वकीलों के कल्याण को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश के 5 लाख से अधिक रजिस्टर्ड अधिवक्ताओं को ₹5 लाख तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जाएगा। इस फैसले से बड़ी संख्या में वकीलों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य संबंधी खर्च में राहत मिलने की उम्मीद है।
10 हजार से ज्यादा चैंबरों को मिलेगा सरकारी सहयोग
मुख्यमंत्री ने कहा कि 10 हजार से अधिक अधिवक्ताओं के चैंबरों में फर्नीचर और जरूरी उपकरण उपलब्ध कराने के लिए शासन की ओर से सहयोग किया जाएगा।इस पहल का उद्देश्य अधिवक्ताओं के कामकाज के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
400 राज्य विधि अधिकारियों को मिलेंगे टैबलेट
योगी आदित्यनाथ ने राज्य विधि अधिकारियों को लेकर भी बड़ा ऐलान किया। उन्होंने बताया कि 400 राज्य विधि अधिकारियों को टैबलेट दिए जाएंगे।डिजिटल संसाधन मिलने से कानूनी मामलों से जुड़े कामकाज और दस्तावेजों के प्रबंधन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
अधिकारियों की फीस में 50 फीसदी से ज्यादा बढ़ोतरी
मुख्यमंत्री ने राज्य विधि अधिकारियों की फीस को लेकर भी घोषणा की। उनके मुताबिक अधिकारियों की फीस में 50 फीसदी से अधिक की बढ़ोतरी की गई है।योगी ने कहा कि अधिवक्ताओं के कल्याण के लिए हाईकोर्ट की ओर से जो भी प्रस्ताव सरकार के सामने आएगा, उसमें शासन की तरफ से पूरा सहयोग किया जाएगा।