लखनऊ: उत्तरप्रदेश के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि सामने आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐलान किया है कि वर्ष 2027 में भारत वर्ल्डस्किल्स एशिया प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में किया जाएगा। इसमें एशिया के कई देशों के युवा प्रतिभागी हिस्सा लेकर अपनी तकनीकी दक्षता और कौशल का प्रदर्शन करेंगे। पीएम मोदी ने इस बड़े आयोजन की मेजबानी मिलने पर उत्तर प्रदेश को पहले से बधाई दी है।
2027 में भारत करेगा वर्ल्डस्किल्स एशिया प्रतियोगिता की मेजबानी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को तीन राज्यों पश्चिम बंगाल, बिहार और उत्तर प्रदेश के दौरे पर थे। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने यह घोषणा की।पीएम मोदी ने बताया कि 2027 में भारत वर्ल्डस्किल्स एशिया प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा। इसका आयोजन ग्रेटर नोएडा में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में एशिया के विभिन्न देशों के युवा हिस्सा लेंगे और अपने हुनर का प्रदर्शन करेंगे।
एशिया के कई देशों से आएंगे युवा प्रतिभागी
पीएम मोदी ने कहा कि इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के जरिए एशिया के अलग-अलग देशों के युवा भारत आएंगे। इससे भारतीय युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा और कौशल दिखाने का अवसर मिलेगा।उन्होंने कहा कि भारत केवल दुनिया की स्किल कैपिटल बनने का सपना नहीं देख रहा, बल्कि वैश्विक कुशल कार्यबल में अपना योगदान देने की क्षमता भी रखता है। इस लक्ष्य को हासिल करने में देश के युवाओं और उनकी विशेषज्ञता की अहम भूमिका होगी।
स्किल वाले व्यक्ति की रोजी-रोटी कोई नहीं छीन सकता: PM मोदी
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें नेशनल स्किल कॉन्वोकेशन समारोह में प्रधानमंत्री ने युवाओं को कौशल विकास का महत्व भी समझाया।आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से नौकरियां जाने की आशंकाओं पर बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि AI को लेकर काफी चर्चा हो रही है, लेकिन याद रखना चाहिए कि कोई भी उस व्यक्ति की रोजी-रोटी नहीं छीन सकता, जिसके पास स्किल्स हैं।
उन्होंने कहा कि समय तेजी से बदल रहा है। आने वाले समय में स्किल्ड लोगों को केवल सर्टिफिकेट रखने वालों की तुलना में अधिक सम्मान मिलेगा। भारत अब दुनिया की स्किल कैपिटल बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
क्या है वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता?
वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता दुनिया के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय कौशल आयोजनों में शामिल है। इसमें अलग-अलग देशों के युवा अपने कार्यक्षेत्र में तकनीकी दक्षता, व्यावसायिक कौशल और विशेषज्ञता का प्रदर्शन करते हैं।इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं को कौशल विकास के लिए प्रोत्साहित करना और विभिन्न देशों के बीच तकनीकी प्रशिक्षण एवं व्यावसायिक दक्षता को बढ़ावा देना है।इससे युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने का मौका मिलता है। भारत वर्ष 2027 में वर्ल्डस्किल्स एशिया प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा।
लखनऊ के कार्यक्रम में कई बड़े नेता रहे मौजूद
पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्री जयंत चौधरी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक मौजूद रहे।इसके अलावा उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई अन्य गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।