चंपावत : मुख्यमंत्री की विधानसभा चंपावत के जिला मुख्यालय में भारतीय जनता पार्टी की ओर से सामाजिक सौहार्द संकल्प धरना प्रदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मोटर स्टेशन स्थित धरना स्थल पर पहुंचे और कांग्रेस के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
सूरज कुमार का प्रदर्शन
भाजपा अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दर्पण कुमार की मौजूदगी तथा भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष सूरज कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस धरना प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी पर उत्तराखंड के शांत और सौहार्दपूर्ण माहौल को बिगाड़ने का आरोप लगाया।
भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड को देवभूमि के साथ-साथ वीर शहीदों की जननी के रूप में जाना जाता है। ऐसे में प्रदेश के शांत वातावरण में जातिवाद की मानसिकता का जहर घोलकर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रदेश का माहौल खराब करने का प्रयास
धरने को संबोधित करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि चुनावी वर्ष आते ही कांग्रेस की ओर से तरह-तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जातिवाद के नाम पर प्रदेश के माहौल को खराब करने का प्रयास कर रही है जिससे समाज में आपसी भाईचारा और सौहार्द प्रभावित हो सकता है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड की जनता हमेशा से आपसी प्रेम भाईचारे और सामाजिक समरसता के साथ आगे बढ़ती आई है। प्रदेश की इस एकजुटता को किसी भी राजनीतिक स्वार्थ के लिए कमजोर नहीं होने दिया जाएगा।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया। भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी प्रदेश में सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने के लिए लगातार काम करती रहेगी।
कार्यकर्ताओं का एकजुट संदेश
भारी बारिश के बीच आयोजित इस धरना प्रदर्शन में भाजपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को खासा प्रभावी बनाया। कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और प्रदेश के शांत वातावरण को किसी भी प्रकार से प्रभावित नहीं होने देने का संदेश दिया।