उत्तरप्रदेश में मौसम का मिज़ाज लगातार बदल रहा है। मंगलवार को राजधानी लखनऊ, कानपुर, वाराणसी समेत कई जिलों में तेज़ बारिश देखने को मिली, जबकि कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठंड में अचानक इज़ाफा हो गया है। अब प्रदेश में घने कोहरे का असर दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग ने आज 4 फरवरी को सहारनपुर से लेकर गोरखपुर तक घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है।मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश से पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त हो चुका है, जिसके चलते अब मौसम शुष्क बना रहेगा। बुधवार को पश्चिमी और पूर्वी यूपी के अधिकांश इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। कई स्थानों पर विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच सकती है, जिससे सड़कों पर चलने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
यूपी में घने कोहरे का यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने सहारनपुर, शामली, बागपत, मेरठ, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, बस्ती, संत कबीर नगर और गोरखपुर में घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं जीरो विजिबिलिटी रहने की आशंका जताई गई है।कोहरे के बाद प्रदेश में पछुआ हवाओं का प्रभाव बढ़ने वाला है। अनुमान है कि हवाएं 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी। आने वाले दिनों में मौसम शुष्क बना रहेगा और फिलहाल किसी बड़े अलर्ट की संभावना नहीं है। 5 से 8 फरवरी तक तेज़ हवाओं का सिलसिला जारी रह सकता है। हालांकि 9 फरवरी को मौसम में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश संभव है।
बारिश से लुढ़का तापमान
मंगलवार को लखनऊ, कानपुर, हरदोई, वाराणसी और आसपास के इलाकों में हुई बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। ठंड ने एक बार फिर ज़ोर पकड़ लिया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में सेंट्रल यूपी में अधिकतम तापमान में 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। वहीं अगले तीन दिनों में रात के तापमान में भी 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आने का अनुमान है।
Comments (0)