देहरादून। उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू हुए एक वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रदेशभर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। राजधानी देहरादून में प्रथम देवभूमि समान नागरिक संहिता (UCC) दिवस समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री धामी ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की।
महिलाओं को वैधानिक अधिकार
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि समान नागरिक संहिता केवल एक कानून नहीं है, बल्कि यह समानता, पारदर्शिता और सामाजिक समरसता की सशक्त नींव है। उन्होंने कहा कि UCC का मुख्य उद्देश्य समाज के हर वर्ग को समान अधिकार देना है, विशेष रूप से महिलाओं को वैधानिक अधिकारों में पूर्ण समानता दिलाना इसका अहम लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समान नागरिक संहिता के माध्यम से प्रदेश में किसी भी प्रकार के भेदभाव को समाप्त करने का प्रयास किया गया है। यह कानून समाज को एकजुट करने और न्यायपूर्ण व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने इसे उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय बताते हुए कहा कि राज्य देश में UCC लागू करने वाला अग्रणी राज्य बना है।
सीएम धामी ने विश्वास जताया कि समान नागरिक संहिता समाज में समान अवसर, सामाजिक न्याय और संवैधानिक मूल्यों को और अधिक मजबूत करेगी। कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
Comments (0)