कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी और उनके रिश्तेदारों की संपत्तियां अब कोलकाता नगर निगम की जांच के दायरे में आ गई हैं। नगर निगम के भवन विभाग ने अभिषेक और उनके परिजनों से जुड़े कई ठिकानों पर कानूनी नोटिस जारी किए हैं। इसी क्रम में नगर निगम की एक विशेष टीम ने कालीघाट स्थित उनके आवास का निरीक्षण कर माप-जोख की प्रक्रिया शुरू कर दी।
कालीघाट स्थित आवास पर पहुंची विशेष टीम
जानकारी के अनुसार, जिस समय अभिषेक बनर्जी डीजे मामले में पूछताछ के सिलसिले में सीआईडी कार्यालय में मौजूद थे, उसी दौरान कोलकाता नगर निगम की टीम उनके 121 नंबर कालीघाट स्थित आवास पर पहुंची। अधिकारियों ने घर और आसपास के हिस्सों का विस्तृत सर्वेक्षण करते हुए माप-जोख का कार्य किया।
अवैध निर्माण की शिकायतों पर कार्रवाई
नगर निगम सूत्रों का दावा है कि अभिषेक बनर्जी से जुड़ी कुछ संपत्तियों में स्वीकृत भवन नक्शे से बाहर जाकर अतिरिक्त निर्माण किए जाने की शिकायतें मिली थीं। इन शिकायतों की सत्यता की जांच के लिए निगम ने कार्रवाई शुरू की है। संबंधित संपत्तियों के स्वीकृत बिल्डिंग प्लान, निर्माण संबंधी प्रमाणपत्र और अतिरिक्त निर्माण की स्थिति में उससे जुड़े वैध अनुमति पत्र जमा करने को कहा गया है।
पहले भी हुआ था ‘शांतिनिकेतन’ भवन का सर्वे
यह पहली बार नहीं है जब अभिषेक बनर्जी की किसी संपत्ति का निरीक्षण किया गया हो। इससे पहले हरिश मुखर्जी रोड स्थित उनकी ‘शांतिनिकेतन’ इमारत का भी नगर निगम अधिकारियों ने सर्वेक्षण और माप-जोख किया था। अब कालीघाट स्थित आवास पर हुई कार्रवाई के बाद जांच का दायरा और व्यापक हो गया है।
17 संपत्तियों को भेजा गया नोटिस
नगर निगम ने कालीघाट रोड और हरिश मुखर्जी रोड स्थित अभिषेक बनर्जी, उनके परिजनों और उनसे जुड़ी संस्थाओं की कई संपत्तियों को नगर निगम अधिनियम की धारा 401 के तहत नोटिस जारी किया है। सूत्रों के मुताबिक कुल 17 संपत्तियों को यह नोटिस भेजा गया है। सभी से निर्माण संबंधी वैध दस्तावेज जल्द से जल्द प्रस्तुत करने को कहा गया है।
रिपोर्ट के आधार पर होगा अगला फैसला
अधिकारियों का कहना है कि सभी संपत्तियों की जांच, माप-जोख और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी जाएगी। इसी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई और आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे। फिलहाल कथित अवैध निर्माण के आरोप नगर निगम की जांच के केंद्र में हैं।