पश्चिम बंगाल की राजनीति में तनाव लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। लगातार दो दिनों के भीतर तृणमूल कांग्रेस के दो सांसदों पर हमले की घटना सामने आई है। शनिवार को सोनारपुर में सांसद अभिषेक बनर्जी के साथ धक्का-मुक्की और विरोध की घटना हुई थी। इसके ठीक एक दिन बाद रविवार को तृणमूल सांसद कल्याण बनर्जी भी हमले का शिकार हो गए।
चंडीतला थाने की ओर जाते समय हुआ हंगामा
जानकारी के अनुसार, कल्याण बनर्जी चंडीतला थाने में डिपुटेशन देने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में प्रदर्शनकारियों के विरोध का सामना करना पड़ा। माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया और स्थिति बिगड़ने लगी।
पत्थर लगने से घायल हुए सांसद
आरोप है कि चंडीतला थाने के सामने दूर से कल्याण बनर्जी को निशाना बनाकर पत्थर फेंके गए। एक पत्थर सीधे उनके सिर पर आकर लगा, जिससे वह घायल हो गए। चोट लगते ही सांसद सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
राजनीतिक गलियारों में बढ़ी हलचल
लगातार दो दिनों में तृणमूल के दो सांसदों पर हमले की घटनाओं ने राज्य की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। इस घटना को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी तेज होने की संभावना जताई जा रही है।