कोलकाता: विधानसभा फर्जी हस्ताक्षर मामले में तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी गुरुवार को सीआईडी के सामने पेश होने के लिए भवानी भवन पहुंचे। कलकत्ता हाई कोर्ट के निर्देश के अनुसार उन्हें शाम 6 बजे तक हाजिर होना था, लेकिन उन्होंने तय समय से पहले ही शाम 5:48 बजे सीआईडी कार्यालय में पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
अभिषेक के पहुंचते ही शुरू हुई नई चर्चा
अभिषेक बनर्जी के भवानी भवन में प्रवेश करते ही बाहर मौजूद एक रहस्यमयी महिला ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया। महिला की मौजूदगी को लेकर मौके पर मौजूद लोगों और मीडिया के बीच कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। यह महिला कौन है और यहां किस उद्देश्य से आई है, इसे लेकर उत्सुकता बढ़ गई।
पत्रकारो के सवालो पर महिला ने बताई पहचान
अभिषेक के अंदर जाते ही पत्रकारों ने महिला को घेर लिया और उनसे बातचीत शुरू की। मास्क पहने महिला ने अपना नाम उदिता बताया। बातचीत के दौरान उसने ऐसा दावा किया जिसने सभी को हैरान कर दिया।
“अंडा फेंकने आई थी, लेकिन अंडा नहीं मिला"
उदिता ने दावा किया कि वह अभिषेक बनर्जी पर अंडा फेंकने के इरादे से भवानी भवन पहुंची थीं। महिला ने कहा, “मै दिल्ली में रहती हूं। मुझे यहां किसी ने नहीं भेजा है। मैं खुद अपनी इच्छा से यहां आई हूं। मैं सिर्फ अंडा फेंकने आई थी, लेकिन मुझे अंडा ही नहीं मिला।”
दिल्ली से कोलकाता आने का दावा
महिला ने यह भी दावा किया कि वह दिल्ली से कोलकाता केवल इसी मकसद से आई हैं। हालांकि उसके दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। महिला के इस बयान के बाद घटनास्थल पर मौजूद लोगों और मीडिया कर्मियों के बीच कौतूहल और चर्चा का माहौल और बढ़ गया।
फर्जी हस्ताक्षर मामले में सीआईडी की जांच जारी
विधानसभा फर्जी हस्ताक्षर मामले में सीआईडी की जांच जारी है। इसी सिलसिले में अभिषेक बनर्जी को पूछताछ के लिए तलब किया गया था। अब सभी की नजरें इस बात पर हैं कि जांच एजेंसी की पूछताछ में आगे क्या जानकारी सामने आती है।