कोलकाता: भाजपा नेता अभिजीत दास उर्फ बॉबी ने एक बार फिर तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी को निशाने पर लिया है। इस बार उन्होंने अभिषेक द्वारा शुरू की गई ‘श्रद्धार्घ्य’ भत्ता योजना को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए विष्णुपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। बॉबी का आरोप है कि इस योजना के नाम पर बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताएं हुई हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
76 हजार वरिष्ठ नागरिकों को भत्ता देने का किया गया था दावा
अभिजीत दास ने कहा कि डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र की सात विधानसभा सीटों में रहने वाले करीब 76 हजार वरिष्ठ नागरिकों को ‘श्रद्धार्घ्य’ भत्ता के तहत हर महीने एक हजार रुपये देने की घोषणा अभिषेक बनर्जी ने की थी। बाद में यह दावा भी किया गया कि लाभार्थियों को नियमित रूप से यह राशि दी जा रही है।
डोनेशन और सरकारी डेटा के इस्तेमाल पर उठे सवाल
भाजपा नेता के अनुसार, अभिषेक बनर्जी ने कहा था कि करीब छह हजार लोगों से प्राप्त डोनेशन के जरिए यह राशि वरिष्ठ नागरिकों तक पहुंचाई जा रही है। साथ ही लाभार्थियों के चयन के लिए ‘दुआरे सरकार’ योजना के डेटा का उपयोग किए जाने की बात भी कही गई थी। बॉबी ने सवाल उठाया कि सरकारी डेटा उनके पास कैसे पहुंचा और इसके उपयोग की अनुमति किसने दी।
करोड़ों रुपये के स्रोत की जांच की मांग
अभिजीत दास ने पूछा कि इस योजना में खर्च किए गए करोड़ों रुपये का स्रोत क्या था। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या वास्तव में 76 हजार बुजुर्गों को हर महीने यह भत्ता मिला था और जिन लोगों ने डोनेशन दिया, उनकी पहचान क्या है। उनका कहना है कि पूरे मामले की वित्तीय जांच आवश्यक है।
ईडी और आयकर विभाग को भी भेजी जाएगी शिकायत
मंगलवार को विष्णुपुर थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद बॉबी ने कहा कि इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की जानी चाहिए। उन्होंने आशंका जताई कि कहीं इस योजना में इस्तेमाल की गई राशि काला धन तो नहीं थी। उन्होंने बताया कि शिकायत की प्रतिलिपि डायमंड हार्बर पुलिस जिले के पुलिस अधीक्षक, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और आयकर विभाग को भी भेजी जा रही है।