कोलकाता: भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल ने पश्चिम बंगाल को स्वच्छ, हरित और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण योजनाओं और प्रस्तावों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए हेल्पलाइन सेवा शुरू की गई है और शहर के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
हेल्पलाइन सेवा शुरू
अग्निमित्रा पॉल ने बताया कि सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक नागरिक अपनी किसी भी समस्या के समाधान के लिए 18003450938 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
पश्चिम बंगाल दिवस और योग दिवस की तैयारी
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के पश्चिम बंगाल दौरे के अवसर पर पश्चिम बंगाल दिवस मनाया जाएगा। इसके अलावा रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। राज्य को सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं।
जलभराव से निपटने की तैयारी
भारी बारिश के बीच जलनिकासी व्यवस्था को लेकर अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि फिलहाल 10 हॉर्सपावर के 39 पंप उपलब्ध हैं, जबकि 34 पंप किराए पर लिए गए हैं। जल्द ही 50 अतिरिक्त पंप भी जोड़े जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों की लापरवाही के कारण जलभराव की समस्या बनी हुई है और पाइपलाइन बदले बिना इसका स्थायी समाधान संभव नहीं है।
शहर में लगेंगे डिजिटल होर्डिंग
उन्होंने बताया कि बड़े विदेशी शहरों की तर्ज पर कोलकाता में डिजिटल होर्डिंग लगाए जाएंगे। पहले चरण में पार्क स्ट्रीट, कैमैक्स स्ट्रीट और थिएटर रोड को चुना गया है। पार्क स्ट्रीट के वुड स्ट्रीट क्रॉसिंग और बड़ाबाजार मार्केट के सामने डिजिटल होर्डिंग की व्यवस्था की जा चुकी है।
सोलर डिजिटल बस स्टैंड की योजना
अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि सभी बस स्टैंड को सोलर संचालित डिजिटल बस स्टैंड में बदला जाएगा। यहां मोबाइल चार्जिंग की सुविधा, यात्रियों के आराम के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इनका संचालन सौर ऊर्जा से किया जाएगा ताकि अतिरिक्त बिजली खर्च से बचा जा सके।
डिजिटल स्क्रीन पर दिखेंगे मैच और कार्यक्रम
शनिवार और रविवार को डिजिटल होर्डिंग पर फुटबॉल विश्व कप के मुकाबले प्रसारित किए जाएंगे। इसके अलावा योग दिवस के कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण भी इन स्क्रीन के माध्यम से देखा जा सकेगा। भविष्य में शहर के विभिन्न इलाकों में ऐसी डिजिटल सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
1 सितंबर से लगेगा जुर्माना
सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए 1 सितंबर से जुर्माने का प्रावधान लागू किया जाएगा। सड़क पर गंदगी फैलाने और थूकने पर 100 रुपये तथा सार्वजनिक स्थान पर पेशाब करने पर 200 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
प्लास्टिक पर सख्ती, वैकल्पिक बैग की व्यवस्था
उन्होंने कहा कि बाजारों में प्लास्टिक बैग के उपयोग पर रोक लगाने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। इसके लिए वेंडिंग मशीनों के माध्यम से वैकल्पिक और पर्यावरण-अनुकूल बैग उपलब्ध कराए जाएंगे। मछली और मांस जैसी वस्तुओं के लिए भी विशेष बहुउद्देशीय बैग तैयार किए जाएंगे। साथ ही प्लास्टिक के गिलासों के उपयोग पर भी रोक लगाने की योजना है।
स्वच्छ, हरित और स्वस्थ बंगाल का लक्ष्य
अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि जब तक बंगाल को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ नहीं बनाया जाएगा, तब तक ‘सोनार बांग्ला’ का सपना पूरा नहीं हो सकता। उन्होंने यह भी कहा कि प्लास्टिक बनाने वाले कारखानों को नोटिस जारी किया जाएगा और नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।