कोलकाता - पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनकी सरकार कानून-व्यवस्था के मामलों में सख्त रुख अपनाती है और किसी भी घटना पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करती है।
लोगों के बीच असंतोष और नाराजगी बढ़ी है
भारतीय जनता पार्टी के सीनियर नेत्री अग्निमित्रा पॉल ने दावा किया कि राज्य में पिछले 15 वर्षों के दौरान ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी और अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस की नीतियों और कार्यशैली को लेकर लोगों के बीच असंतोष और नाराजगी बढ़ी है। इसके साथ ही उन्होंने अपने इस बयान में आगे कहा कि हाल की घटना को जनता के आक्रोश के रूप में देखा जा सकता है।
टीएमसी हिंसा आधारित राजनीति करती रही है
पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने इस दौरान आरोप लगाया कि, तृणमूल कांग्रेस लंबे समय से टकराव और हिंसा आधारित राजनीति करती रही है, जबकि वर्तमान सरकार का मुख्य उद्देश्य विकास और सुशासन है। भारतीय जनता पार्टी के सीनियर नेत्री ने आगे कहा कि राज्य के विकास, निवेश, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है।
लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं
अग्निमित्रा पॉल ने यह भी कहा कि यदि भविष्य में कोई भी दल या नेता हिंसात्मक राजनीति का सहारा लेने की कोशिश करेगा तो उसे स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेदों का समाधान संवैधानिक और शांतिपूर्ण तरीकों से होना चाहिए तथा कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी राजनीतिक दलों और नागरिकों की जिम्मेदारी है।
यह बयान पश्चिम बंगाल की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और हालिया घटनाओं के बीच आया है, जहां विभिन्न दल एक-दूसरे पर राजनीतिक हिंसा और तनाव बढ़ाने के आरोप लगा रहे हैं।