कोलकाता - पश्चिम बंगाल सरकार की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी और तृणमूल नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सत्ता में रहते हुए यदि कोई व्यक्ति गलत काम करता है तो उसे कानून के अनुसार सजा मिलनी ही चाहिए। अग्निमित्रा पॉल ने तंज कसते हुए कहा कि अभिषेक बनर्जी खुद को फिल्म पुष्पा के किरदार की तरह समझ रहे थे। उनके अनुसार, अभिषेक बनर्जी गाड़ी के बोनट पर चढ़ गए और उन्हें लगा कि वे ‘पुष्पा’ बन गए हैं। उन्होंने दावा किया कि अभिषेक बनर्जी ने पहले कहा था कि 4 मई के बाद वे डीजे बजाएंगे, लेकिन अब बंगाल की जनता ने ही उनके खिलाफ "डीजे बजा दिया"।
चोरी या भ्रष्टाचार हुआ तो होगी कार्रवाई
मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि यदि अभिषेक बनर्जी या किसी अन्य व्यक्ति द्वारा कोई गलत काम या भ्रष्टाचार किया गया है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार में कानून का शासन है और किसी को भी गलत कार्य करने की छूट नहीं दी जाएगी। उनके मुताबिक, जो भी व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करेगा, उसे उसके परिणाम भुगतने होंगे।
बंगाल में निवेश और विकास पर भी दिया जोर
अग्निमित्रा पॉल ने राजनीतिक बयानबाजी के साथ-साथ राज्य में विकास और निवेश की जरूरत पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में नई कंपनियों और उद्योगों का स्वागत किया जाना चाहिए, ताकि रोजगार के अवसर बढ़ें और राज्य की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके। उन्होंने कहा कि यदि अधिक से अधिक कंपनियां बंगाल में निवेश करती हैं तो इससे न केवल रोजगार पैदा होगा, बल्कि शहरों और कस्बों के विकास को भी गति मिलेगी। उन्होंने साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निजी क्षेत्र की भागीदारी को भी जरूरी बताया।
राजनीतिक माहौल गर्म
पश्चिम बंगाल में हालिया राजनीतिक घटनाक्रमों और नेताओं पर हुए हमलों के बाद राज्य की राजनीति लगातार गरमाई हुई है। भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इसी क्रम में अग्निमित्रा पॉल का यह बयान भी राजनीतिक बहस का नया विषय बन गया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि जनता बदलाव चाहती है, जबकि तृणमूल कांग्रेस इन आरोपों को राजनीतिक हमला करार दे रही है।