कोलकाता: पश्चिम बंगाल सरकार की अन्नपूर्णा योजना के तहत करोड़ों महिलाओं को बड़ी राहत मिली है। कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में आयोजित लाभार्थी प्रमाण-पत्र वितरण समारोह में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने बताया कि बुधवार दोपहर तक 1 करोड़ 9 लाख 92 हजार 378 लाभार्थियों के बैंक खातों में योजना की राशि सफलतापूर्वक ट्रांसफर कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर प्रक्रिया पूरी होने के साथ अन्य पात्र लाभार्थियों के खातों में भी राशि पहुंच जाएगी।
1.30 करोड़ से अधिक आवेदन पाए गए पात्र
मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के लिए कुल 1 करोड़ 60 लाख आवेदन प्राप्त हुए थे। जांच और सत्यापन के बाद 26 लाख आवेदन निर्धारित पात्रता मानकों पर खरे नहीं उतरने के कारण निरस्त किए गए, जबकि 1 करोड़ 30 लाख से अधिक आवेदनों को पात्र माना गया। सरकार का लक्ष्य पात्र लोगों तक बिना किसी भेदभाव के योजना का लाभ पहुंचाना है।
पारदर्शिता के साथ चल रही है सत्यापन प्रक्रिया
मुख्यमंत्री ने कहा कि लाभार्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन लगातार जारी है। आवेदन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए जुलाई और अगस्त तक भी जांच का कार्य जारी रहेगा, ताकि किसी भी योग्य व्यक्ति को योजना के लाभ से वंचित न होना पड़े।
ट्राइब्यूनल और CAA आवेदकों पर भी स्पष्ट किया रुख
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि जिन लोगों के मामले ट्राइब्यूनल में लंबित हैं, उन्हें अंतिम निर्णय आने तक योजना का लाभ मिलता रहेगा। वहीं, CAA के तहत आवेदन करने वाले शरणार्थियों को भी आवेदन के निपटारे तक सामाजिक सहायता जारी रखने का निर्णय लिया गया है।
12 पन्नों के फॉर्म पर दी सफाई
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि 12 पन्नों के आवेदन पत्र को लेकर अनावश्यक भ्रम फैलाया गया। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों को केवल चार पन्ने भरने थे। एक बार आवेदन पोर्टल पर अपलोड हो जाने के बाद दोबारा फॉर्म भरने की आवश्यकता नहीं होगी और भविष्य की अन्य योजनाओं में भी इसी जानकारी का उपयोग किया जा सकेगा।