कोलकाता - आज यानी की बुधवार को बंगाल में सुवेंदु सरकार ने महिलाओं को एक बड़ी सौगात दी है। राज्य सरकार की तरफ से अन्नापूर्णा योजना के तहत 28 लाख से अधिक महिलाओं को ₹3000 की सहायता प्रदान की गई। इस पर मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
अन्नापूर्णा योजना महिलाओं को सशक्त बनाएगी
पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि अन्नापूर्णा योजना का शुभारंभ राज्य की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से इस योजना का इंतजार किया जा रहा था और अब लाखों महिलाओं के खातों में सीधे सहायता राशि भेजी गई है।
8 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में पहुंचे ₹3000
अग्निमित्रा पॉल के अनुसार, सीएम सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में महिला प्रभारी कार्यालय से योजना की शुरुआत की गई। इसके तहत 28 लाख 25 हजार 769 सत्यापित महिला लाभार्थियों के बैंक खातों में ₹3000 की राशि सीधे ट्रांसफर की गई है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ आर्थिक सहायता नहीं है, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और छोटे स्तर पर स्वरोजगार या अन्य आर्थिक गतिविधियां शुरू करने के लिए प्रोत्साहित करने का प्रयास है।
सिर्फ पात्र महिलाओं को मिलेगा लाभ
मंत्री ने स्पष्ट किया कि योजना का लाभ केवल पात्र महिलाओं को ही दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो महिलाएं भारत की नागरिक हैं और पश्चिम बंगाल में निवास करती हैं, वे इस योजना की पात्र होंगी।
सत्यापन प्रक्रिया पर जोर
अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि लाभार्थियों के चयन में सत्यापन प्रक्रिया को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि योजना के वितरण में भले कुछ देरी हो सकती है, लेकिन अपात्र लोगों को इसका लाभ नहीं दिया जाएगा।
महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने पर फोकस
सरकार का मानना है कि अन्नापूर्णा योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने, आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने और परिवार की आय में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में अहम भूमिका निभाएगी। योजना के जरिए लाखों महिलाओं को सीधे वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।