जयपुर: केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए बीकानेर में एक अनोखी पहल की। उन्होंने दिल्ली से बीकानेर रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद अपने घर तक जाने के लिए सरकारी काफिले के बजाय ई-रिक्शा का उपयोग किया और आम जनता को स्वच्छ ऊर्जा अपनाने का संदेश दिया।
ई-रिक्शा से सफर कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल दिल्ली से बीकानेर रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां से वे अपने घर जाने के लिए गाड़ियों के लंबे काफिले के बजाय ई-रिक्शा में सवार हुए। इस कदम को ईंधन बचत और प्रदूषण कम करने की दिशा में एक प्रतीकात्मक प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
‘एक्स’ पर साझा किया संदेश, कहा— बचत देश की, सुरक्षा पर्यावरण की
मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि “बचत देश की, सुरक्षा पर्यावरण की”। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘राष्ट्र प्रथम’ के आह्वान के अनुरूप उन्होंने ईंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए ई-रिक्शा से यात्रा की।
स्वच्छ ऊर्जा अपनाना भविष्य की जिम्मेदारी: मेघवाल
अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि वर्तमान समय में स्वच्छ ऊर्जा अपनाना और ईंधन की बचत केवल एक विकल्प नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे भी पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी बढ़ाएं और सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता दें।
राजस्थान सरकार और राज्यपाल की भी समान पहल
प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान के बाद राज्य सरकार स्तर पर भी ईंधन बचत को लेकर कदम उठाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा अपने काफिले में वाहनों की संख्या कम करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी तरह, राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने भी अपने आधिकारिक काफिले में वाहनों की संख्या घटाने और आम जनता से कम वाहन उपयोग तथा सार्वजनिक परिवहन अपनाने की अपील की है। वहीं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को काफिलों में वाहनों की संख्या सीमित रखने के निर्देश दिए हैं।