पश्चिम बंगाल के आसनसोल में शुक्रवार रात लाउडस्पीकर की आवाज कम करने को लेकर तनाव की स्थिति बन गई। रेलपार इलाके में नाराज भीड़ ने पुलिस चौकी पर हमला कर पथराव और तोड़फोड़ की। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े।
पुलिस चौकी में तोड़फोड़ और पथराव, आंसू गैस छोड़नी पड़ी
जानकारी के मुताबिक, राज्य सरकार के निर्देशों के तहत पुलिस प्रशासन ने आसनसोल के विभिन्न इलाकों में लाउडस्पीकर की आवाज निर्धारित सीमा में रखने के निर्देश दिए थे। इसी को लेकर दिन में रेलपार क्षेत्र में पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच बातचीत भी हुई थी।
शाम होते-होते बड़ी संख्या में लोग पुलिस चौकी के बाहर जमा हो गए। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और भीड़ ने चौकी पर पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस और आम लोगों के कई वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई। घटना में कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
इलाके में पैरामिलिट्री फोर्स तैनात
घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पैरामिलिट्री फोर्स तैनात कर दी गई है। डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस वीजी सतीश पसुमार्थी ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और इलाके में शांति बनी हुई है।उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के जरिए उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।