पश्चिम बंगाल के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने घोषणा की है कि राज्य अब केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) के दायरे में आ गया है। दिल्ली के विज्ञान भवन में केंद्र सरकार के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर के बाद इसकी औपचारिक घोषणा की गई।
5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा
मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के तहत पात्र परिवारों को प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिलेगा। यह सुविधा राज्य के लाखों गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। योजना का लाभ तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
1.43 करोड़ परिवार होंगे लाभान्वित
सरकार के अनुसार, पश्चिम बंगाल के 1 करोड़ 43 लाख परिवारों के करीब 6.5 करोड़ लोग इस योजना के दायरे में आएंगे। इस महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य योजना के लिए 976 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
पुरानी बीमारियों का भी होगा इलाज
आयुष्मान भारत योजना के तहत लाभार्थियों को पहले दिन से ही पुरानी और पहले से मौजूद बीमारियों (Pre-existing Diseases) का कवरेज मिलेगा। इससे गंभीर और लंबे समय से बीमार मरीजों को भी राहत मिलेगी।
36 हजार अस्पतालों में उपलब्ध होगी सुविधा
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत देशभर के लगभग 36 हजार सरकारी और निजी अस्पतालों में कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे मरीजों को अपने राज्य के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी उपचार कराने का अवसर मिलेगा।
प्रवासी श्रमिकों को भी मिलेगा लाभ
राज्य से बाहर काम करने वाले प्रवासी श्रमिकों को भी इस योजना का लाभ मिलेगा। इससे बंगाल के लाखों श्रमिक परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा का दायरा मिलेगा और इलाज के लिए आर्थिक बोझ कम होगा।
2018 से वंचित थे बंगाल के लोग
केंद्र सरकार ने वर्ष 2018 में आयुष्मान भारत योजना की शुरुआत की थी। हालांकि, पश्चिम बंगाल में यह योजना लागू नहीं की गई थी और राज्य सरकार की स्वास्थ्य साथी योजना संचालित की जा रही थी। लंबे समय तक आयुष्मान भारत का लाभ न मिलने के बाद अब राज्य के लोग भी इस राष्ट्रीय स्वास्थ्य योजना से जुड़ गए हैं।
चुनावी वादा हुआ पूरा
भाजपा ने 2026 विधानसभा चुनाव के अपने घोषणा पत्र में पश्चिम बंगाल में आयुष्मान भारत योजना लागू करने का वादा किया था। केंद्र और राज्य के बीच समझौते के बाद मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने इस वादे को पूरा करते हुए राज्य के लोगों को बड़ी सौगात दी है।