कोलकाता: हावड़ा के बागनान में भाजपा कार्यकर्ता प्रशांत दे की हत्या के बाद मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी उनके परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने मृतक की मां, पत्नी और बेटियों से मुलाकात कर शोक व्यक्त किया और भरोसा दिलाया कि दोषियों को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
आर्थिक सहायता और बेटी को नौकरी का ऐलान
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री राहत कोष से परिवार को ₹5 लाख की अतिरिक्त आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही बड़ी बेटी को 1 जुलाई से बागनान-2 बीडीओ कार्यालय में संविदा के आधार पर नौकरी देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आगे चलकर नौकरी को स्थायी करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। छोटी बेटी की शिक्षा का पूरा खर्च भी राज्य सरकार उठाएगी।
सीआईडी को बाकी आरोपितों की गिरफ्तारी का निर्देश
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस मामले में अब तक 10 आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि एफआईआर में कुल 51 लोगों के नाम दर्ज हैं। उन्होंने सीआईडी को निर्देश दिया कि फरार 41 आरोपितों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर चार्जशीट दाखिल की जाए ताकि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय मिल सके।
तमन्ना हत्याकांड का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने नदिया के चर्चित तमन्ना खातून हत्याकांड का भी उल्लेख करते हुए कहा कि पुलिस ने लगातार अभियान चलाकर 12 और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना है और कानून के सामने किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।