बैरकपुर: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में अवैध घुसपैठ के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। बशीरहाट के बीथारी हकीमपुर ग्राम पंचायत स्थित हकीमपुर चेकपोस्ट पर बांग्लादेश लौटने के लिए करीब 150 बांग्लादेशी नागरिक जमा हुए हैं। वहीं पिछले एक सप्ताह के दौरान सीमा पार कर भारत में अवैध रूप से दाखिल हुए लगभग 900 बांग्लादेशी नागरिकों को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने हिरासत में लिया है। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, सभी की पहचान और दस्तावेजों की जांच के बाद उन्हें चरणबद्ध तरीके से वापस भेजने की प्रक्रिया चल रही है।
दलालों के जरिए भारत में हुई थी घुसपैठ
सूत्रों के मुताबिक, पकड़े गये अधिकांश बांग्लादेशी नागरिकों ने दलालों को मोटी रकम देकर उत्तर 24 परगना जिले के विभिन्न सीमावर्ती इलाकों से भारत में प्रवेश किया था। जांच के दौरान कई लोगों ने स्वीकार किया कि वे देश के अलग-अलग राज्यों में काम कर रहे थे, जबकि कुछ लोग पश्चिम बंगाल की विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी उठा रहे थे। सुरक्षा एजेंसियां इस नेटवर्क की भी जांच कर रही हैं।
तीन होल्डिंग सेंटरों में रखे गये करीब 350 लोग
फिलहाल बादुरिया और स्वरूपनगर समेत तीन होल्डिंग सेंटरों में लगभग 350 लोगों को रखा गया है। बीएसएफ और प्रशासनिक अधिकारियों की देखरेख में इन सभी के दस्तावेजों, फिंगरप्रिंट और बायोमेट्रिक विवरण का सत्यापन किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही उन्हें बांग्लादेश भेजा जाएगा। होल्डिंग सेंटरों में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों के लिए भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गई है। गृह मंत्रालय की निगरानी में पूरी प्रक्रिया संचालित की जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या परेशानी न हो।
हकीमपुर चेकपोस्ट पर लगातार बढ़ रही संख्या
हर दिन बढ़ती संख्या ने सीमा सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। हकीमपुर चेकपोस्ट पर बांग्लादेशी घुसपैठियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। स्थानीय पुलिस, बीएसएफ और अन्य केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से पूरे क्षेत्र पर नजर रखे हुए हैं। सीमा से आने-जाने वाली हर गतिविधि की निगरानी की जा रही है। इस बीच राज्य के खाद्य एवं सहकारिता मंत्री अशोक कीर्तनिया पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि पश्चिम बंगाल में किसी भी अवैध घुसपैठिये को रहने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा था कि ऐसे लोगों को पहले होल्डिंग सेंटरों में रखा जाएगा और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें बांग्लादेश भेज दिया जाएगा।
डोमजूर में छह बांग्लादेशी नागरिक हिरासत में
उधर हावड़ा जिले के डोमजूर थाना क्षेत्र में भी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बांकड़ा के मुंशीडांगा इलाके से पांच और राजीव पल्ली से एक बांग्लादेशी नागरिक को हिरासत में लिया है। इनमें पांच पुरुष और एक महिला शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इनके पास से बांग्लादेश के डोमिसाइल प्रमाणपत्र बरामद हुए हैं, जबकि भारत का कोई वैध पहचान पत्र नहीं मिला। पूछताछ में सभी ने स्वीकार किया कि वे करीब दो वर्ष पहले दलालों की मदद से अवैध रूप से भारत में दाखिल हुए थे।
कानूनी प्रक्रिया के बाद बीएसएफ को सौंपे जाएंगे
पुलिस ने सभी हिरासत में लिये गये लोगों के फिंगरप्रिंट और अन्य आवश्यक विवरण दर्ज कर लिये हैं। अधिकारियों का कहना है कि कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन्हें सीमा सुरक्षा बल के हवाले किया जाएगा, ताकि इन्हें बांग्लादेश वापस भेजा जा सके।
सीमा पार नेटवर्क पर भी जांच तेज
सुरक्षा एजेंसियां अब केवल अवैध रूप से प्रवेश करने वाले लोगों की पहचान तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उन दलालों और नेटवर्क की भी तलाश कर रही हैं, जो सीमा पार घुसपैठ को संगठित तरीके से अंजाम दे रहे हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।