कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, राज्य के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी आगामी 28 मई, गुरुवार को दिल्ली दौरे पर जा सकते हैं। माना जा रहा है कि यह दौरा संभावित मंत्रिमंडल गठन और संगठनात्मक रणनीति को लेकर बेहद अहम हो सकता है।
40 संभावित मंत्रियों की सूची पहुंची दिल्ली
सूत्रों की मानें तो बंगाल बीजेपी की ओर से करीब 40 संभावित मंत्रियों की सूची केंद्रीय नेतृत्व और प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजी गई है। इस सूची में राज्य स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालने वाले नेताओं के नाम शामिल बताए जा रहे हैं।
गृह मंत्रालय स्तर पर हो रही समीक्षा!
खबर यह भी सामने आ रही है कि भेजी गई सूची को केंद्रीय गृह मंत्रालय तक समीक्षा और जांच के लिए भेजा गया है। सूत्रों का दावा है कि पार्टी शीर्ष नेतृत्व संभावित चेहरों को लेकर गहन मंथन कर रहा है ताकि भविष्य की राजनीतिक रणनीति मजबूत की जा सके।
दिल्ली में हो सकती है बड़ी बैठक
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी अपने दिल्ली दौरे के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं। साथ ही, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नवीन के साथ भी बैठक होने की संभावना जताई जा रही है। इस बैठक में मंत्रिमंडल और संगठन से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
बंगाल की राजनीति में बढ़ी अटकलें
संभावित मंत्री सूची और दिल्ली दौरे की खबरों के बीच बंगाल की राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, पार्टी की ओर से अभी तक इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में अब सबकी नजरें मुख्यमंत्री के संभावित दिल्ली दौरे और वहां होने वाली बैठकों पर टिकी हैं।